- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- सेंट्रल जेल में हेपेटाइटिस बी-सी से...
सतना न्यूज: सेंट्रल जेल में हेपेटाइटिस बी-सी से पीडि़त मिले 10 बंदी

डिजिटल डेस्क सतना। सेंट्रल जेल में सजा काट रहे 10 कैदी हेेपेटाइटिस बी-सी बीमारी से पॉजिटिव मिले हैं। अभियान के तहत सेंट्रल जेल के साथ नागौद और मैहर उपजेल में बंद कैदियों की जांच कराई गई। 27 जुलाई से 7 अगस्त तक चले अभियान में सेट्रल जेल में सजायाफ्ता 7 कैदियों में हेपेटाइटिस बी और 3 बंदियों में हेपेटाइटिस सी का संक्रमण मिला है। 10 दिन में 1556 कैदियों की जांच कराई गई। राहत की बात यह रही कि नागौद और मैहर उपजेल में कैदी इस बीमारी से पीडि़त नहीं मिले। पॉजिटिव में सभी पुरुष कैदी ही शामिल हैं। डॉक्टर बताते हैं कि इस बीमारी की समय से पहचान हो जाने के बाद मरीजों को लिवर से संबंधित गंभीर और जानलेवा बीमारियों से बचाया जा सकता है। वहीं जिला अस्पताल की बात करें तो इस बीमारी के 58 पेशेन्ट रजिस्टर्ड हैं।
वायरल लोड के लिए सैंपल प्रिजर्व
हेपेटाइटिस बी-सी से पॉजिटिव मिले कैदियों का अब वायरल लोड और बेस लाइन टेस्ट कराया जाएगा। इसके लिए कैदियों का ब्लड सैंपल भी प्रिजर्व कर लिया गया है। सैंपल जांच के लिए बाहर भेजा जाएगा, जहां से 3-4 दिन में रिपोर्ट आएगी। डॉक्टर बताते हैं कि जांच में अगर वायरल लोड 20 हजार से अधिक मिलेगा तो इन कैदियों का इलाज शुरू किया जाएगा। 20 हजार से कम वायरल लोड आने पर 6 माह बाद दोबारा वायरल लोड टेस्ट कराया जाएगा। क्या है ये बीमारी डॉक्टर बताते हैं कि हेपेटाइटिस लिवर से जुड़ी बीमारी है। इसमें संक्रमण के कारण लिवर में सूजन आ जाती है। हेपेटाइटिस वायरस 5 प्रकार के होते हैं। इसमें हेपेटाइटिस ए, बी, सी, डी, ई शामिल है। एक्यूट हेपेटाइटिस में अचानक लिवर में सूजन आती है, जिसके लक्षण 6 महीने तक रहते हैं। एक्यूट हेपेटाइटिस आमतौर पर एचएवी इंफेक्शन के कारण होता है। दूसरा क्रॉनिक हेपेटाइटिस है, जो संक्रमित रोगी के इम्यून सिस्टम को प्रभावित करता है। एचडीवी वायरस के कारण हेपेटाइटिस डी से ग्रसित हो सकते हैं। जबकि हेपेटाइटिस ई एचईवी वायरस के कारण होता है।
इनका कहना है।
केन्द्रीय जेल में हेपेटाइटिस बीमारी से पीडि़त बंदी मिले हैं, वायरल लोड के लिए ब्लड सैंपल लिए गए हैं। रिपोर्ट में अगर वायरल लोड निर्धारित मानक से अधिक आता है तो इलाज शुरू किया जाएगा। डॉ प्रदीप गौतम, नोडल ऑफिसर
Created On :   10 Aug 2026 3:24 PM IST












