सतना न्यूज: अस्पताल में 6 घंटे लाइट बंद रहने से ब्लड के लिए परेशान हुए पेशेन्ट

अस्पताल में 6 घंटे लाइट बंद रहने से ब्लड के लिए परेशान हुए पेशेन्ट
लोगों को ब्लड के लिए घंटों तक इंंतजार करना पड़ा। ऐसे परिजन भी कतार में थे जिनके मरीज अन्य निजी अस्पतालों में भर्ती हैं, उन्हें भी ब्लड के लिए इंतजार करना पड़ा।

डिजिटल डेस्क सतना। जिला अस्पताल में रविवार को सुबह साढ़े 10 से शाम 4.30 बजे तक बिजली बंद रहने से मरीजों को परेशानी हुई। अस्पताल प्रबंधन ने जनरेटर और डीसी सेट चलाकर कुछ हद तक व्यवस्था तो बनाई, लेकिन लाइट बंद होते ही ब्लड बैंक का ऑनलाइन सिस्टम पूरी तरह से ठप हो गया। मरीजों को ब्लड इश्यू करना भी बंद हो गया। ब्लड इश्यू बंद होते ही मरीजों के परिजन शोर-शराबा शुरू कर दिया। हालात हंगामायी होने लगे, इसी बीच ब्लड बैंक से ऑफलाइन ब्लड इश्यू करने की प्रक्रिया शुरू की गई। हालांकि इसके बाद भी लोगों को ब्लड के लिए घंटों तक इंंतजार करना पड़ा। ऐसे परिजन भी कतार में थे जिनके मरीज अन्य निजी अस्पतालों में भर्ती हैं, उन्हें भी ब्लड के लिए इंतजार करना पड़ा।

ब्लड बैंक के बाहर लगी भीड़

मैहर जिले से भी ब्लड लेने परिजन सतना पहुंचे थे, उन्हें भी इंतजार करना पड़ा। ब्लड बैंक के बाहर भीड़ लगी थी। राहत की बात यह थी कि रविवार को अवकाश था, अन्यथा हालात और बेकाबू होते। अस्पताल सूत्रों ने बताया कि लाइट आने के बाद ऑफलाइन इश्यू किए गए ब्लड को ऑनलाइन किया गया। इस संबंध में ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. तेजस्विनी द्विवेदी से संपर्ककरने पर उन्होंने जानकारी देने से इंकार कर दिया। सिविल सर्जन डॉ अमर सिंह ने बताया कि अगर ऐसा हुुआ है तो जांच कराएंगे।

बदली गई 300 मीटर आर्मर्ड केबल

जिला अस्पताल परिसर की जर्जर हो चुकी आर्मर्ड केबल रविवार को बदली गई। सूत्रों ने बताया कि ट्रॉमा सेंटर के सामने ट्रांसफार्मर से डायलिसिस यूनिट तक की केबल जर्जर हो चुकी थी। इसमें आए दिन फाल्ट की समस्या हो रही थी। इस समस्या से छुटकारा पाने के लिए केबल बदली गई। बिजली विभाग के सिटी मेंटेनेंस प्रभारी कुलदीप मिश्रा ने बताया कि लगभग 300 मीटर केबल बदलने के बाद अब फाल्ट की समस्या से छुटकारा मिलेगा।


Created On :   10 Aug 2026 3:15 PM IST

Tags

Next Story