Satna News: मई माह तक पूरा होगा 150 बेड के अस्पताल का निर्माण

मई माह तक पूरा होगा 150 बेड के अस्पताल का निर्माण
स्वास्थ्य मंत्री ने किया निर्माणाधीन अस्पताल का निरीक्षण

डिजिटल डेस्क,सतना। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने गुरुवार को जिला अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन 150 बेड के नए अस्पताल भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेकर पीआईयू के अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। डिप्टी सीएम एवं स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अस्पताल भवन का निर्माण पूरा होने से पहले आवश्यक चिकित्सा उपकरण और फर्नीचर की व्यवस्था भी सुनिश्चित कर ली जाए, ताकि अस्पताल शुरू करने में देरी न हो। पीआईयू की एसडीओ मंदाकिनी गुप्ता ने बताया कि अस्पताल भवन का कार्य मई 2027 तक पूरा कर लिया जाएगा। सांसद गणेश सिंह एवं महापौर योगेश ताम्रकार भी डिप्टी सीएम के साथ रहे।

३२.५४ करोड़ की लागत से हो रहा निर्माण

एसडीओ ने बताया कि 32.54 करोड़ रुपए की लागत से 100 बेड का अस्पताल, 50 बिस्तरीय क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक एवं इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ ब्लॉक का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य 15 अक्टूबर 2025 को ठेकेदार मेसर्स जाकिर हुसैन रीवा द्वारा शुरू किया गया था। वर्तमान में भवन के चौथे तल की छत का कार्य चल रहा है। ग्राउंड और प्रथम तल पर प्लास्टर एवं द्वितीय तल पर ब्रिक्स की दीवार बनाने का काम चल रहा है। निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ. मनोज शुक्ला, सिविल सर्जन डॉ. अमर सिंह सहित पीआईयू के अधिकारी उपस्थित रहे।

Created On :  

Next Story