Satna News: चौकी के अंदर पुलिसकर्मी से मारपीट, दो आरोपी गिरफ्तार

चौकी के अंदर पुलिसकर्मी से मारपीट, दो आरोपी गिरफ्तार
गाली-गलौज कर शासकीय कार्य में डाली बाधा

डिजिटल डेस्क,सतना। मैहर जिले के कोतवाली थाना अंतर्गत की शारदा धाम पुलिस चौकी के अंदर ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल आलोक बागरी के साथ मारपीट और गाली-गलौज कर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 132, 121(1), 221, 296, 351(2), 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में धर्मेंद्र चौधरी पिता महिपाल साकेत (28) और दीपक चौधरी पिता गिरधारी लाल चौधरी (38) दोनों निवासी मानपुर के नाम शामिल हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें उपजेल मैहर भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि घटना के वक्त दोनों आरोपी शराब के नशे में थे।

ये है घटनाक्रम

मैहर थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार ने बताया कि 5 नवंबर की रात करीब 8.30 चौकी में प्रधान आरक्षक लेखक ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान मानपुर निवासी दीपक चौधरी और धर्मेंद्र चौधरी अपने कुछ साथियों एवं महिलाओं के साथ चौकी पहुंचे। उन्होंने मैहर थाने में पूर्व में की गई शिकायत की पावती दिखाते हुए आरोप लगाया कि पैसे लेने के बावजूद उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं की गई। इसी बात को लेकर उनका ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी से बहस हो गई। इसी दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिसकर्मी के साथ गाली-गलौज और मारपीट करते हुए शासकीय कार्य में बाधा डाली। इस मामले में पुलिस ने दबिश देकर दोनों आरोपियों को दबोच लिया।

Created On :  

Next Story