Satna news: बिरला सीमेन्ट फैक्ट्री के रोपवे की 4 ट्रॉली सडक़ पर गिरीं, बड़ा हादसा टला

बिरला सीमेन्ट फैक्ट्री के रोपवे की 4 ट्रॉली सडक़ पर गिरीं, बड़ा हादसा टला
सीमेंट प्रबंधन पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी का आरोप

डिजिटल न्यूज़ सतना

कोलगवां थाना अंतर्गत नैना-सगमनिया के बीच कन्वेयर बेल्ट के बीच बेल्ट टूटने से खनिज का परिवहन करने वाली कई ट्रॉली रविवार की दोपहर को अचानक टूटकर अचानक सडक़ पर आ गिरी, गनीमत रही कि तब रास्ते से कोई गुजर नहीं रहा था, वरना जानमाल का नुकसान हो सकता था। इस दुर्घटना ने सतना सीमेंट फैक्ट्री प्रबंधन (बिरला सीमेंट) के सुरक्षा इंतजामों की पोल खोलकर रख दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रोपेवे ट्रॉलियों के जरिए नियमित रूप से चौबीस घंटे खनिज की ढुलाई का काम फैक्ट्री में किया जाता है। उक्त ट्रॉलियां सगमनिया-नैना मार्ग की लिंक रोड समेत पन्ना-रीवा बाइपास के ऊपर से भी गुजरती हैं। रविवार की दोपहर को भी सामान्य दिनों की तरह काम चल रहा था, लेकिन तभी अचनक एक ट्रॉली टूटकर नीचे गिरी, जिसके ठीक पीछे तीन और ट्रॉलियां धड़धड़ाकर सडक़ पर आ गईं, जिसके चलते खनिज का परिवहन ठप हो गया और रास्ते पर आवागमन भी रुक गया। राहत की बात यह रही कि तब नीचे कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

ग्रामीणों में आक्रोश ---

इस घटना की जानकारी लगते ही मौके पर काफी ग्रामीण एकत्र हो गए और बिरला सीमेंट प्रबंधन पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी का आरोप लगाने लगे। कहा गया कि आबादी क्षेत्र में आवागमन के लिए इस्तेमाल होने वाले मार्ग पर फैक्ट्री प्रबंधन की तरफ से जरूरी इंतजाम नहीं किए गए हैं। सालों पुराने रोपवे सिस्टम के रखरखाव और मेंटेनेंस में भी गंभीरता नहीं दिखाई जाती है। इस लापरवाही के चलते कभी भी बड़ी घटना हो सकती है। हालांकि ट्रॉली टूटने को लेकर फैक्ट्री प्रबंधन का पक्ष नहीं मिल पाया है।

Created On :   20 July 2026 1:22 PM IST

Tags

Next Story