सतना न्यूज: राष्ट्रीय राजमार्ग पर सवारी उतार रही बस को ट्रक ने मारी ठोकर, 12 यात्री घायल

राष्ट्रीय राजमार्ग पर सवारी उतार रही बस को ट्रक ने मारी ठोकर, 12 यात्री घायल
रीवा से नागपुर जा रही थी स्लीपर कोच बस, अमरपाटन के पास हुआ हादसा

डिजिटल न्यूज सतना। मैहर जिले के अमरपाटन थाना अंतर्गत पड़हा के पास सवारी उतार रही बस को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे 12 से ज्यादा यात्री घायल हो गए, सभी को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक विजयंत ट्रेवल्स की बस क्रमांक एमपी 09 एक्यू 3344 सोमवार की रात को सवारी लेकर रीवा से नागपुर जा रही थी। तकरीबन 10 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर पड़हा के पास पहुंचते ही कुछ सवारियों को उतारने के लिए ड्राइवर ने बस रोकी, तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और 12 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। दुर्घटना होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई, तो वहीं खबर लगते ही टीआई विजय सिंह परस्ते दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुट गए। आनन-फानन घायल यात्रियों को एंबुलेंस से हॉस्पिटल पहुंचाया गया, तो क्रेन के जरिए ट्रक और बस को हाइवे से हटाते हुए आवागमन बहाल कराया गया। दुर्घटना में ट्रक के ड्राइवर को भी काफी चोटें आई हैं।

इनको लाया गया हॉस्पिटल ---

पुलिस ने बताया कि हादसे में अशोक द्विवेदी 50 वर्ष, बलराम पांडेय 52 वर्ष, निवासी पड़हा-अमरपाटन, शांतिदेवी साकेत, सुनील कुमार, निवासी हनुमना, जिला रीवा, नील मिश्रा, निवासी परियारी, शुभम विश्वकर्मा निवासी पिपरा, रामजी विश्वकर्मा निवासी पैपखरा, विनय कुमार पटेल, निवासी बरौनी, जिला मऊगंज, आरती यादव, अनिल कुशवाहा, निवासी घुनवारा-मैहर के अलावा ट्रक चालक विजय प्रताप को गंभीर चोटें आईं थीं, जिनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। बड़े हादसे की सूचना पर मेडिकल स्टाफ भी मुश्तैदी से पीडि़तों के इलाज में जुट गया। जानकारी के मुताबिक बस को ठोकर मारने वाला ट्रक माल लोडकर गुजरात जा रहा था। बीते कुछ समय में बेला से लेकर मैहर के बीच हाइवे पर इस तरह के कई हादसे सामने आए हैं, जिनमें जानमाल का भारी नुकसान हुआ है।


Created On :   21 July 2026 1:02 PM IST

Tags

Next Story