मौत के बाद मिला प्रमोशन: एएसआई से एसआई के लिए जारी लिस्ट में दिवंगत पुलिस अधिकारी का नाम

एएसआई से एसआई के लिए जारी लिस्ट में दिवंगत पुलिस अधिकारी का नाम
एक साल पहले कार्डियक अरेस्ट के चलते हो गया था निधन

डिजिटल डेस्क,सतना। मध्यप्रदेश पुलिस में लंबे इंतजार के बाद शुरू हुए नियमित प्रमोशन की कड़ी में मंगलवार को सहायक उपनिरीक्षक से उपनिरीक्षक बनाए गए 2035 अधिकारियों की सूची जारी की गई, जिस पर महकमे में सकारात्मक प्रक्रिया आई, मगर किसी भी लिस्ट में एक ऐसा नाम भी शामिल था, जिनका बीमारी के चलते लगभग एक साल पहले निधन हो गया था, जबकि अंतिम आदेश जारी करने से पहले जिले से लेकर पुलिस मुख्यालय तक कई चरणों में दस्तावेजों के सत्यापन की कार्रवाई का दावा किया गया था। इस गफलत ने पूरी प्रक्रिया पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं।

पन्ना पुलिस का कारनामा

जानकारी के मुताबिक प्रमोशन लिस्ट में 1115वें नंबर पर राकेश सिंह बघेल का नाम प्रकाशित करते हुए उन्हें पन्ना जिले में पदस्थ बताया गया है, मगर हकीकत यह है कि कार्डियक अरेस्ट के चलते वर्ष 2025 में उनका निधन हो गया था। मूलत: सतना जिले के कोठी थाना अंतर्गत ग्राम मौहार निवासी राकेश सिंह अंतिम समय पर देवेन्द्रनगर थाने में पदस्थ थे।

मंगलवार को जैसे ही यह खबर उनके परिजन और पूर्व सहयोगियों को मिली तो सभी हैरत में पड़ गए कि आखिर ऐसी गड़बड़ी कैसे हो गई। जानकारों की मानें तो यह चूक शासकीय अभिलेखों का समुचित सत्यापन नहीं किए जाने और जल्दबाजी में नाम भेजने के चक्कर में हुई है।

इस मामले में पन्ना जिले की एडिशनल एसपी वंदना सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया, मगर उनका फोन नहीं उठा। इस एक खामी ने पूरी लिस्ट की विश्सनीयता को दूषित कर दिया है।

Created On :   21 July 2026 9:27 PM IST

Tags

Next Story