- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- गोरसरी घाटी में हादसा, बालक समेत 11...
Satna News: गोरसरी घाटी में हादसा, बालक समेत 11 यात्री घायल

डिजिटल डेस्क,सतना। रामनगर के हरदुआ से लौटकर उचेहरा के पपरेंगा जा रहे यात्रियों समेत ऑटो-रिक्शा गोरसरी घाटी में अनियंत्रित होकर लगभग 25 फीट गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 7 वर्षीय बालक समेत 11 लोग घायल हो गए, जिनमें से 5 को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस ने बताया कि हरदुआ में एक रिश्तेदार का देहांत हो जाने पर पपरेंगा गांव से गीता पति देवनारायण कोल 60 वर्ष, भगवानदीन कोल 45 वर्ष, बिट्टन कोल 50 वर्ष, मुन्नीलाल रावत 66 वर्ष, रामसखी कोल 40 वर्ष, शीला कोल 45 वर्ष, कुंती कोल 45 वर्ष, माया कोल 45 वर्ष समेत 11 लोग बुधवार सुबह गांव से ऑटो-रिक्शा में सवार होकर शोक जताने गए थे। दोपहर करीब 3 बजे वापसी के दौरान जैसे ही ऑटो-रिक्शा गोरसरी घाटी से नीचे उतरने लगा, तभी चालक की लापरवाही से अनियंत्रित होकर लगभग 25 फीट गहरी खाई में जा गिरा।
घायलों को लाया गया अमरपाटन अस्पताल
हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई, तो वहीं खबर लगते ही पुलिस टीम एंबुलेंस के साथ घटना स्थल पर पहुंची और काफी जद्दोजहद के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी 12 लोगों को बाहर निकालते हुए आनन-फानन सिविल अस्पताल अमरपाटन पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने गीता कोल को मृत घोषित कर दिया। ऑटो में चालक के अलावा 7 महिलाएं, 3 पुरुष और 8 वर्ष का एक बालक भी मौजूद थे। प्राथमिक इलाज के बाद 5 गंभीर पीड़ितों को जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया है।
Created On :   14 May 2026 1:44 PM IST












