Satna News: देर रात डीजे बजाने से रोकने पर एएसआई से झूमाझटकी, 2 पर एफआईआर

देर रात डीजे बजाने से रोकने पर एएसआई से झूमाझटकी, 2 पर एफआईआर
सिविल लाइन थाने के बगल में चल रही थी मैरिज पार्टी

डिजिटल डेस्क,सतना। सिविल लाइन थाना के बगल में स्थित अमौधा तालाब से लगे मैरिज गार्डन में वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान देर रात तक तेज आवाज में डीजे बजाने से रोकने पर दो बारातियों ने पुलिस के एएसआई से जमकर अभद्रता और झूमाझटकी कर दी, जिस पर आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक नगर निगम की स्मार्ट सिटी योजना के तहत विकसित किए गए अमौधा तालाब और उससे लगे परिसर को वैवाहिक एवं अन्य कार्यक्रमों के लिए प्राइवेट व्यक्ति को ठेके पर दिया गया है, जिसमें 25 फरवरी की रात को एक शादी समारोह आयोजित किया गया था।

उक्त कार्यक्रम में रात 10 बजे के बाद भी तेज आवाज में डीजे बज रहा था, जिसकी शिकायत मिलने पर सिविल लाइन थाने के एएसआई रोहिणी प्रसाद वर्मा अपने सहयोगी के साथ मौके पर पहुंचे और निषेधाज्ञा का हवाला देते हुए डीजे बंद करने के लिए कहा। तब वहां मौजूद आरोपी अनिकेत सिंह बागरी निवासी फुलवारी-देवेन्द्र नगर, जिला पन्ना और उसके एक साथी ने बात मानने से इंकार करते हुए एएसआई से अभद्रता शुरू कर दी। मना करने पर आरोपियों ने धक्का-मुक्की और झूमाझटकी भी करी।

पुलिस टीम के आते ही भागे आरोपी

स्थिति बेकाबू देखकर एएसआई वर्मा ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया, तो कुछ देर में ही पुलिस टीम कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गई, जिनको देखकर दोनों आरोपी भीड़ का फायदा उठाते हुए भाग निकले।

इस मामले में एएसआई वर्मा की रिपोर्ट पर अनिकेत और उसके साथी समेत डीजे संचालक के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा एवं आदेश की अवहेलना के अलावा कोलाहल अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

Created On :   27 Feb 2026 4:04 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story