Satna News: पाक्सो एक्ट के आरोपी का दुस्साहस, जमानत मिलते ही पीड़िता के परिवार को दी मार डालने की धमकी

पाक्सो एक्ट के आरोपी का दुस्साहस, जमानत मिलते ही पीड़िता के परिवार को दी मार डालने की धमकी
उक्त प्रकरण में चौबीस घंटे के भीतर ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया था।

डिजिटल डेस्क,सतना। नाबालिग को बहला-फुसलाकर घर ले जाने के बाद अश्लील हरकत करने के मामले में जेल की हवा खा चुके ऑटो चालक डम्फर खान उर्फ मोहम्मद शरीफ पुत्र रासुल खान 48 वर्ष, जमानत पर बाहर आते ही पीड़ित और उसके घर वालों को धमकाने पर उतारू हो गया है।

आरोपी ने 28 जून की रात को लगभग 10 बजे नाबालिग के घर के पास जाकर गाली-गलौज करते हुए पॉक्सो एक्ट के प्रकरण में समझौता करने का दबाव बनाया और बात नहीं मानने पर पूरे परिवार को जान से मार डालने की धमकी भी दी, जिससे पीड़ित और उसके परिजन सकते में आ गए। इस घटना की शिकायत मिलने पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 296(ए) और 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

इस मामले में गया था जेल

गौरतलब है कि बीते 18 जून को जब नाबालिग लड़की घर पर अकेली थी, तब आरोपी उसे काम के बहाने ऑटो में बैठाकर घर ले गया और अश्लील हरकत करने लगा, जिससे घबराकर पीड़िता भाग निकली और परिजनों को जानकारी देने के साथ कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करा दी। उक्त प्रकरण में चौबीस घंटे के भीतर ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया था।

Created On :   30 Jun 2026 6:33 PM IST

Tags

Next Story