Seoni news: राज्य स्तरीय मोगली बाल उत्सव में भाग लेने प्रदेश भर से बच्चे पहुंचे पेंच टाइगर रिजर्व

डिजिटल न्यूज़ सिवनी
पेंच टाइगर रिजर्व स्थित टुरिया में सोमवार से तीन दिवसीय राज्य स्तरीय मोगली बाल उत्सव 2026 का आगाज होने जा रहा है। तीन दिनों तक पेंच टाइगर रिजर्व के कोर व बफर एरिया के जंगल में मोगली बाल उत्सव की धूम मचेगी। हर साल होने वाले इस आयोजन में भाग लेने के लिए प्रदेश के सभी 55 जिलों से मोगली मित्र (विद्यार्थी) व मार्गदर्शी शिक्षकों के सिवनी पहुंचने का क्रम रविवार को दिन भर जारी रहा। दोपहर बाद तक 31 जिलों से विद्यार्थी बस और ट्रेन के माध्यम से सिवनी पहुंच गए थे, जिन्हें बसों से टुरिया स्थित रिसॉर्ट पहुंचाया गया। मोगली मित्र तीन दिन तक टाइगर सफारी, जंगल भ्रमण सहित विभिन्न गतिविधियों में भाग लेंगे। कोर एरिया में सफारी कर जहां टाइगर सहित विभिन्न वन्य प्राणियों के दीदार करेंगे, वहीं जंगल के नजारे देख रोमांचित होंगे। तीन दिन तक ‘जंगल-जंगल पता चला है, चड्डी पहन के फूल खिला है’ गीत की गंूज सुनाई देगी। सोमवार की सुबह शुभारंभ समारोह सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन के मुख्य आतिथ्य में होगा। विधायक श्री राय सुबह 5 बजे हरी झण्डी दिखाकर जिप्सियों में सवार मोगली मित्रों को टाइगर सफारी के लिए रवाना करेंगे। 2 से 4 नवंबर तक होने वाले इस आयोजन को सफल बनाने के लिए कलेक्टर अंजु अरूण कुमार के निर्देशन में जिला प्रशासन व स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारी व कर्मचारी जुटे हैं। केम्प कमांडर की भूमिका जिला शिक्षा अधिकारी अविनाश दीक्षित निभा रहे हैं। मोगली बाल उत्सव का समापन समारोह 4 नवंबर की शाम 6 बजे से आयोजित होगा। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा जनजातिय शैली पर आधारित नृत्य की विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। सिवनी की मेजबानी में होने वाले राज्यस्तरीय मोगली बाल उत्सव का इस बार 22वां वर्ष है। इस आयोजन की शुरुआत वर्ष 2023 में हुई थी। कोविड संक्रमण के कारण दो साल आयोजन नहीं किया गया था।
सिवनी से 16 मोगली मित्रों का चयन, शेष जिलों से 4-4 प्रतिभागी
मोगली बाल उत्सव में आयोजक जिले यानी सिवनी के 16 जबकि शेष जिले से 4-4मोगली मित्र शामिल हो रहे हैं। हर जिले से एक-एक मार्गदर्शी शिक्षक को भी विद्यार्थियों के साथ भेजा गया है। पहले दिन सोमवार का बालू ग्रुप को जंगल की सैर कराई जाएगी। इसके बाद दूसरे ग्रुप को सफारी पर ले जाया जाएगा।
नेचर ट्रेल,हैबिटेट सर्च,टे्रजर हंट सहित इन गतिविधियों में भाग लेंगे मोगली मित्र
प्रतिभागी जंगल सफारी,नेचर ट्रेल, ट्रेजर हंट और हैबिटेट सर्च के जरिए वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास, पारिस्थितिक संतुलन और चींटी दीमक जैसे छोटे जीवों की उपयोगिता समझेंगे। चित्रकला, क्विज अंताक्षरी, नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक गतिविधियों के बीच बच्चों को बालू, बधीरा और का समूहों में बांटा गया है। ज्ञात हो कि प्रसिद्ध अंग्रेजी लेखक रूडयार्ड किपलिंग द्वारा मोगली दंत कथा की रचना की गई थी। इसमें सिवनी के जंगलों में भेडिया बालक, बघिरा, शेर खान, भालू, सांप, हाथी व अन्य के साथ रहा करता था। विश्व के लाखों बच्चे मोगली व उसके जंगली मित्रों की दंत कथा से रोमांचित होते हैँ।
Created On :  
