Seoni news: गोवा में महिला से दोस्ती करना सिवनी के कारोबारी को पड़ा महंगा

गोवा में महिला से दोस्ती करना सिवनी के कारोबारी को पड़ा महंगा
मदद से शुरू हुई दोस्ती में महिला ने लाखों से उतारा...

डिजिटल न्यूज़ सिवनी

गोवा में हुई एक मुलाकात से शुरू हुई दोस्ती, आर्थिक मदद, ब्यूटी पार्लर, मकान और लग्जरी कार तक पहुंची कहानी अब विवाद में बदल गई है। लखनादौन में लोहा-सीमेंट कारोबारी ने बिलासपुर निवासी महिला पर 25 लाख रुपए मांगने, गाली-गलौच करने और खुद के साथ-साथ पत्नी से मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत पर महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

ये है मामला

पुलिस ने बताया कि सौरभ कुमार जैन वर्ष 2024 में सीमेंट की कार्यशाला में शामिल होने गोवा गया था। वहीं उसकी मुलाकात छत्तीसगढ़ के बिलासपुर निवासी एक महिला से हुई। महिला ने घर लौटने के लिए रुपए नहीं होने की बात कही तो उसने मदद के तौर पर 10 हजार रुपए दिए। इसके बाद दोनों के बीच दोस्ती हुई और मोबाइल पर बातचीत होने लगी। कारोबारी के अनुसार, महिला ने खुद को पति द्वारा त्यागी गई महिला बताते हुए अपने दो बच्चों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी का जिक्र किया। इसके बाद उसने महिला को मेकअप का कोर्स कराया और ब्यूटी पार्लर खुलवाने में आर्थिक सहयोग दिया।

मकान खरीदा और कार भी दी-

पुलिस ने बताया कि महिला के कहने पर सौरभ ने बिलासपुर में मकान खरीदा। उसने अपनी कार सीजी 10 बीएस 1999 भी महिला को उपयोग के लिए दे दी थी। मकान खरीदने के लिए उसने 29 लाख रुपए उधार दिए और समय-समय पर अन्य आर्थिक मदद भी की। महिला उससे और अधिक रुपए की अपेक्षा करने लगी। पिछले कुछ दिनों से बातचीत बंद होने के बाद मोबाइल और इंस्टाग्राम पर संदेश आने लगे। महिला लखनादौन पहुंची और सौरभ से 25 लाख रुपए मांगेने लगी। पैसे नहीं देने पर सौरभ और उसकी पत्नी के साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Created On :  

Tags

Next Story