Seoni news: खबर का असर : औचक जांच में मिले नॉन स्टैण्डर्ड पैकिंग वाले तेल के 96 पैकेट

खबर का असर : औचक जांच में मिले नॉन स्टैण्डर्ड पैकिंग वाले तेल के 96 पैकेट
नाप-तौल विभाग ने पांच स्थानों पर की जांच

डिजिटल न्यूज़ सिवनी

खाद्य तेलों की पैकिंग के नए नियम लागू होने के बावजूद जिले में बड़े स्तर पर नॉन स्टैण्डर्ड पैकिंग वाले तेल के पाउच खपाए जाने के मामले में नाप-तौल विभाग हरकत में नजर आया। इस संबंध में ‘दैनिक भास्कर’ द्वारा ‘तेल का खेल,खप रहे नॉन स्टैण्डर्ड पैकिंग के पाउच’ शीर्षक से खबर का प्रकाशन किया गया था। इस खबर का असर हुआ और नाप-तौल विभाग ने जिला मुख्यालय के 5 तेल व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर औचक पहुंचकर जांच की। इनमें से एक प्रतिष्ठान से खाद्य तेल से भरे नॉन स्टैण्डर्ड पैकिंग वाले 96 पैकेट अभिरक्षा में लिए गए हैं। नाप-तौल अधिकारी अर्जुन पटले ने बताया कि इन पैकेट में 395 ग्राम के 48 तेल के पाउच हैं। वहीं, 790 ग्राम के 24 व 840 ग्राम के 24 पैकेट अभिरक्षा में लेकर आगामी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि नॉन स्टैण्डर्ड खाद्य तेल की पैकिंग पूरी तरह से प्रतिबंधित है और नॉन स्टैण्डर्ड पैक या मानक से कम वजन वाला माल बिकने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जांच व कार्रवाई की सिलसिला लगातार जारी रहेगा।

बाहर से आ रही तेल की खेप

नए नियम लागू होने के बाद केन्द्र सरकार ने पुराने नान स्टैंडर्ड पैकेजों के विक्रय के लिए डेडलाइन 5 सितंबर तय की थी, लेकिन इसके बावजूद मार्केट में अब भी पुराने नियमों के नान स्टैंडर्ड पैकेज के खाद्य तेल बेचे जा रहे हैं। भारत सरकार द्वारा खाद्य तेल पैकिंग के नए नियम अनुसार 9 स्टैंडर्ड पैक में ही खाद्य तेल पैक करना है, जिनमें 200 मिलीलीटर,500 मिलीलीटर,1 लीटर सहित 2,3,4,5,15 व 20 लीटर की पैकिंग शामिल है। सूत्रों के अनुसार जिले में नॉन स्टैण्डर्ड पैक वाले खाद्य तेल के पाउच बाहर से लाकर बेचे जा रहे हैं। ऐसी खेप सोहागपुर व इटारसी से लाए लाने की जानकारी भी दी जा रही, जिन्हें जिले के रिटेलर व होलसेलर लेकर बाजार में विक्रय कर रहे हैं। नॉन स्टैण्डर्ड पैकिंग के तेल के पाउच बैक डेट डालकर भी बाजार में बेचे जा रहे हैं। ऐसे तेल के पाउच हाट बाजारों में भी खूब खपाए जा रहे हैं।

Created On :   21 Oct 2026 2:33 PM IST

Tags

Next Story