Seoni News: जिला अस्पताल में गैरहाजिरी और लापरवाही पर भड़के विधायक

जिला अस्पताल में गैरहाजिरी और लापरवाही पर भड़के विधायक
सिविल सर्जन डॉ विनोद नावकर के अलावा अन्य डॉक्टरों से कहा कि नवजात शिशुओं एवं भर्ती बच्चों के उपचार में लापरवाही नहीं चलेगी।

डिजिटल डेस्क,सिवनी। जिला अस्पताल में मनमानी का आलम है, शनिवार को सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया तो बड़ी खामियां सामने आई। यह देखकर विधायक भड़क गए। उन्होंने जिला अस्पताल के शिशु विभाग में हो रही शिशु मृत्यु, डॉक्टरों की अनुपस्थिति और लापरवाही पर नाराजगी जताई। बताया गया कि एसएनसीयू में डॉक्टरों के गैरहाजिर रहने और शिशुओं की समुचित देखभाल नहीं करने और शिशु मृत्यु के बढ़ते मामले के संबंध में लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके चलते विधायक श्री राय ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया।

डॉक्टरों और कर्मियों ने स्वीकारी बात

निरीक्षण के दौरान संबंधित डॉक्टरों और कर्मचारियों ने स्वीकार किया कि लगभग 4 माह में नवजात शिशुओं की मृत्यु बढ़ी है जो चिंताजनक है। अतिरिक्त डॉक्टर की ड्यूटी होने के बाद भी वे गैरहाजिर रहे। एक आवेदन में अवकाश की अवधि तक स्पष्ट रुप से अंकित नही थी। निरीक्षण के दौरान अन्य अव्यवस्थाएं भी सामने आई है।

सीएम और आयुक्त तक पहुंचाई जानकारी

अस्पताल की खामियों को लेकर विधायक ने मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य विभाग के कमिश्नर और कलेक्टर को पत्र लिखकर कार्रवाई करने की बात कही है। उन्होंने सिविल सर्जन डॉ विनोद नावकर के अलावा अन्य डॉक्टरों से कहा कि नवजात शिशुओं एवं भर्ती बच्चों के उपचार में लापरवाही नहीं चलेगी।

Created On :   11 Oct 2026 3:11 PM IST

Next Story