सिवनी न्यूज: राहत : शहर की ओर बनाई गई स्टेशन बिल्डिंग के खोले गए द्वार, टिकट विक्रय किया गया शुरु, ट्रेनों के भी बदलने होंगे प्लेटफार्म

राहत : शहर की ओर बनाई गई स्टेशन बिल्डिंग के खोले गए द्वार, टिकट विक्रय किया गया शुरु, ट्रेनों के भी बदलने होंगे प्लेटफार्म
स्टेशन की नई बिल्डिंग को लेकर हरकत में आए रेलवे अफसर

डिजिटल डेस्क सिवनी

यात्री हित में बड़ा निर्णय लेते हुए रेलवे ने शहर की ओर निर्मित नई स्टेशन बिल्डिंग को यात्रियों के लिए खोल दिया है। महीनों से शोपीस बनी इस बिल्डिंग में स्टाफ तैनात कर अनारक्षित टिकट विंडो भी शुरु कर दिया है। ‘दैनिक भास्कर’ द्वारा स्टेशन पहुंचने में यात्रियों को हो रही परेशानी को लेकर 27 सितंबर को प्रमुखता से खबर प्रकाशित किए जाने के बाद दक्षिण पूर्व मध्य रेल के नागपुर डिवीजन ने उक्त कदम उठाया है। हालांकि अभी रेलवे को कुछ अन्य प्रयास करने होंगे, ताकि शहर की ओर प्लेटफार्म 4 पर बनाई गई करोड़ों की लागत वाली बिल्डिंग से स्टेशन के भीतर आना-जाना कर सकें। सबसे ज्यादा दरकार नैनपुर की ओर जाने वाली ट्रेनों के प्लेटफार्म बदलने की है। प्लेटफार्म क्रमांक एक पर ली जाने वाली नैनपुर दिशा की टे्रनों को प्लेटफार्म चार व दो से संचालित करना होगा, ताकि यात्रियों की आवाजाही सुविधाजनक हो सके। ‘दैनिक भास्कर’ द्वारा खबर प्रकाशित किए जाने के बाद पूर्व सांसद डॉ. ढालसिंह बिसेन भी सक्रिय हुए थे। उनके द्वारा शहर की ओर बनी नई स्टेशन बिल्डिंग व यात्री सुविधाओं को लेकर नागपुर डिवीजन के डीआरएम से चर्चा की गई थी।

रोकना होगा स्टेशन में अवैध तरीके से हो रहा प्रवेश

प्लेटफार्म चार की ओर शहरी क्षेत्र में स्थित रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) की चौकी के सामने से अनेक रेल यात्री स्टेशन आना-जाना कर रहे हैं। यहां अवैध तरीके से रेलवे ट्रैक पर से होते हुए यात्री प्लेटफार्म दो व तीन पर पहुंच रहे हैं। मजे की बात तो यह है कि यात्रियों को यहां तक आटो वाले भी पहुंचा रहे हैं और ट्रेन से उतरकर इस रास्ते से बाहर आने वालों को वहां मौजूद आटो वाले उनके गंतव्य तक भी पहुंचा रहे हैं। इस अवैध रास्ते से स्टेशन प्रवेश पर शिकंजा कसना होगा, तभी शहर की ओर से स्टेशन में घुस रहे यात्री प्लेटफार्म क्रमांक चार की ओर बनी नई बिल्डिंग से आना-जाना प्रारंभ करेंगे।




Created On :   3 Oct 2026 3:27 PM IST

Tags

Next Story