- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सिवनी
- /
- दिवंगत शिक्षकों के परिवारों को...
Seoni news: दिवंगत शिक्षकों के परिवारों को करीब 7 करोड़ की मदद

डिजिटल न्यूज़ सिवनी
एकजुटता और आपसी सहयोग की मिसाल पेश करते हुए पीएमयूएमएस कर्मचारी कल्याण कोष के माध्यम से दिवंगत शिक्षकों के परिवारों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। दिसंबर 2025 से सितंबर 2026 तक प्रदेश के 25 दिवंगत शिक्षक के परिवारों तक करीब 7 करोड़ रुपए की सहायता पहुंचाई जा चुकी है। सितंबर 2026 में सिवनी जिले के बरघाट ब्लॉक निवासी दिवंगत शिक्षक स्व. नंदकिशोर बिसेन के परिवार को 25 लाख 5 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। पीएमयूएमएस कर्मचारी कल्याण कोष सिवनी की सहयोग यात्रा में जिले का पहला सहयोग स्व राजेंद्र अवधिया, ग्राम आदेगांव, लखनादौन के परिवार को लगभग 27 लाख 22 हजार की सहायता के रूप में दिया गया था। इसके बाद जिले में यह सहयोग अभियान लगातार आगे बढ़ता गया। इस व्यवस्था में किसी एक व्यक्ति पर आर्थिक भार डालने के बजाय हजारों शिक्षक साथियों से छोटी-छोटी राशि एकत्रित की जाती है। सितंबर माह में प्रत्येक शिक्षक साथी से प्रति परिवार 34 रुपए, यानी पांच परिवारों के लिए कुल 170 रुपए का सहयोग लिया गया। सामूहिक सहभागिता से यही छोटी राशि लाखों रुपए की आर्थिक मदद में बदल जाती है।
हर जिले तक संगठन की सक्रियता - प्राथमिक माध्यमिक उच्च माध्यमिक शिक्षक संघ (पीएमयूएमएस) के अनुसार संगठन की सक्रियता प्रदेश के 55 जिलों के 322 विकासखंडों तक है और लगभग 1 लाख 26 हजार शिक्षक साथी पंजीकृत हैं। सहयोग की प्रक्रिया ऑनलाइन और पारदर्शी तरीके से संचालित की जाती है। संगठन की ओर से आगामी महीनों में 40 से 45 और दिवंगत शिक्षक परिवारों को आर्थिक सहयोग देने की योजना बनाई गई है। इस अभियान में पीएमयूएमएस सिवनी की जिला एवं ब्लॉक टीमों के साथ जिले के शिक्षक साथियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संगठन के जिला प्रभारी मौसम काड़े, जिला आईटी सेल प्रभारी सुरजन इनवाती और जिला संगठन मंत्री एवन जगने ने सभी पदाधिकारियों, ब्लॉक टीमों व शिक्षकों के इस अभियान में सहयोग पर सराहना की है।
Created On :   30 Sept 2026 3:27 PM IST











