- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सिवनी
- /
- बीजासेन गांव में घुसा बरगी बांध का...
Seoni News: बीजासेन गांव में घुसा बरगी बांध का बैक वाटर, ग्रामीणों में दहशत की स्थिति

डिजिटल डेस्क,सिवनी। बरगी बांध के डूब क्षेत्र में स्थित जिले की घंसौर तहसील के बीजासेन गांव में बांध का बैक वाटर घुस गया है। बैक वाटर की तेज लहरें घरों तक दस्तक देकर जोर-जोर से हिलोरें मार रही हैं। दो दिन से बनी इस स्थिति के कारण 35 घरों व लगभग 200 की आबादी वाले इस गांव में दहशत की स्थिति बनी हुई है। शनिवार की सुबह से बरगी बांध के गेटों को खोलकर प्रति सेकेण्ड 8 हजार क्यूमेक्स पानी छोड़े जाने के बावजूद रविवार को भी गांव में बैक वाटर हिलोरे मारता रहा।
कच्चे घरों के ढहने का खतरा
ग्रामीणों का कहना है कि बांध के पानी के कारण गांव के कच्चे घरों के गिरने का खतरा खड़ा हो गया है। गांव के पुराने मिडिल स्कूल परिसर सहित घरों के बाहर स्थित शौचालयों तक में पानी घुस गया है। जलभराव के कारण खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंच रहा है।
बीजासेन निवासी ग्रामीण चन्नी बर्मन, धन्नू बर्मन, झनकू साहू ने बताया कि गांव के सभी ग्रामीण घबराए हुए हैं। दिन-रात डर बना रहता है कि पानी और बढ़ गया तो विकट हालात बन जाएंगे। बच्चों की चिंता सता रही है। जहरीले जीव-जंतुओं का डर भी बना हुआ है। प्रशासन को नुकसान का सर्वे कर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना चाहिए।
फसलों को हो रहा नुकसान
पालक-शिक्षक संघ अध्यक्ष भुवन बर्मन के अनुसार पुराने स्कूल परिसर में पानी भरने से बच्चों के फिसलने और किसी घटना का शिकार होने का खतरा बना हुआ है। जलभराव के कारण बच्चों की सामान्य गतिविधियां प्रभावित हुई हैं। अभिभावक चाहते हैं कि प्रशासन मौके का निरीक्षण कर बच्चों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करे।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में बांध का पानी आने से उनकी दिनचर्या पर भी असर हुआ है। उनकी चिंता केवल घरों तक सीमित नहीं है। प्रभावित परिवारों के अनुसार पिछले कुछ वर्षों से अधिक जलभराव के कारण खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंच रहा है।
इनका कहना है
बांध का जलस्तर बढ़ने के बावजूद गेट खोलकर पानी छोडऩे में लापरवाही व विलंब किया गया, जिसके कारण बीजासेन गांव में ये हालात निर्मित हुए। इसकी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाना चाहिए। गांव के उस पुराने स्कूल परिसर में भी पानी भर गया है, जिसे बांध के पूर्ण जलभराव स्तर 422.76 से ऊंचाई पर बनाया गया है।
- राजकुमार सिन्हा, बरगी बांध विस्थापित एवं प्रभावित संघ
बीजासेन गांव की जानकारी सामने आने के बाद तहसीलदार व अन्य को मौके पर भेजा गया था। बरगी बांध के गेट खुलने के पश्चात पानी उतर गया है।
- बिसन सिंह, एसडीएम, घंसौर
Created On :   28 Sept 2026 3:39 PM IST










