Seoni news: टीसी की नौकरी लगाने का झांसा देकर ठगे 4.90 लाख

टीसी की नौकरी लगाने का झांसा देकर ठगे 4.90 लाख
छपारा पुलिस ने दंपति के खिलाफ किया मामला दर्ज

डिजिटल न्यूज़ सिवनी

रेलवे विभाग में टीसी की सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर एक युवक से 4 .90 लाख रुपए की धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत की जांच के बाद छपारा पुलिस ने जबलपुर निवासी सतीश सागर और उसकी पत्नी सीवा सागर के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ये है मामला -:पुलिस के अनुसार हाइवे कॉलोनी छपारा निवासी प्रतीक राजपूत सितंबर 2025 में जबलपुर में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान त्रिपुरी चौक क्षेत्र में उसकी पहचान सतीश सागर से हुई। सतीश ने प्रतीक को रेलवे में टीसी की भर्ती में नौकरी लगवाने की बात कही और बताया कि परीक्षा हो चुकी है तथा इंटरव्यू और मेडिकल की प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए 5 लाख रुपए एडवांस तथा ज्वाइनिंग लेटर मिलने के बाद 3 लाख रुपए देने की बात कही गई। शुरुआत में 50 हजार रुपए जमा करने को कहा गया।

फर्जी लेटर भेजकर दिल्ली बुलाया -:शिकायत में बताया गया कि सतीश ने प्रतीक के मामा के मोबाइल पर उसके नाम का मेडिकल कॉल लेटर वॉट्सऐप के माध्यम से भेजा। जब वह दिल्ली पहुंचा जहां ब्लड और यूरिन के नमूने लिए गए तथा कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराकर उसे वापस जाने को कह दिया गया। इसके बाद सतीश लगातार नौकरी लगने और ज्वाइनिंग की प्रक्रिया पूरी होने का भरोसा देता रहा। बाद में प्रतीक को ठगी का पता लगा।

अलग-अलग किश्तों में दिए गए थे रुपए -:प्रतीक के मामा के खाते से अलग-अलग समय पर सतीश के खाते में ऑनलाइन राशि भेजी। 11 फरवरी को 20 हजार, 18 और 28 फरवरी को 50-50 हजार रुपए भेजे गए। बाद में सतीश और उसकी पत्नी के छपारा स्थित घर आने पर प्रतीक ने 1.70 लाख रुपए नकद दिए।प्रतीक ने अपने रूममेट अमन रजक के खाते के माध्यम से सतीश की पत्नी के खाते में 2 लाख रुपए और जमा कराए।

अन्य लोगों से भी लिए पैसे -:प्रतीक के अनुसार आरोपी सतीश ने कई लोगों से भी इसी तरह से पैसे लिए। छपारा थाना प्रभारी खैमेंद्र जैतवार ने बताया कि आरोपी फरार हैं। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

Created On :   30 Sept 2026 1:42 PM IST

Tags

Next Story