Seoni news: पेंच आए पर्यटकों पर पार्क प्रबंधन ने लगाया जुर्माना

पेंच आए पर्यटकों पर पार्क प्रबंधन ने लगाया जुर्माना
जबलपुर और नागपुर से आए महिला-पुरुष पर्यटकों ने तेजी से दौड़ाई कार, बीयर की केन जंंगल में फेंकी

डिजिटल न्यूज़ सिवनी

पेंच टाइगर रिजर्व के खवासा-टुरिया मार्ग पर पर्यटन के नाम पर वन्यप्राणी संरक्षण नियमों की अनदेखी करने का मामला सामने आया है। शनिवार को जबलपुर और नागपुर से आए महिला-पुरुष पर्यटकों के एक समूह ने तेज रफ्तार और अनियंत्रित तरीके से वाहन चलाया। इतना ही नहीं, वाहन से वन क्षेत्र में बीयर के केन भी फेंके गए। जंगल की शांति, वन्यजीवों की सुरक्षा और पर्यावरण की स्वच्छता को प्रभावित करने वाली इन हरकतों को गंभीरता से लेते हुए खवासा वन परिक्षेत्र के अमले ने संबंधित पर्यटकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अर्थदंड लगाया। पेंच प्रबंधन के अनुसार खवासा स्थित शराब दुकान से शराब खरीदकर वन क्षेत्र में गंदगी फैलाने की शिकायतें चिंता का विषय हैं।

जंगल को पिकनिक स्पॉट समझने की भूल

पार्क प्रबंधन का कहना है कि वन क्षेत्र में घूमने आने वाले पर्यटकों को चाहिए कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें और वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास को नुकसान न पहुंचाएं। लेकिन तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाना और बीयर के केन जैसे कचरे को जंगल में फेंकना पर्यावरण को लेकर गंभीर लापरवाही है। वन क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियां वन्यजीवों के लिए परेशानी पैदा कर सकती हैं और जंगल की स्वच्छता को भी नुकसान पहुंचाती हैं। बैरियर पर विभाग की टीम पर्यटकों को नियमों का पालन करने के लिए समझाइश देती है, लेकिन फिर भी कुछ पर्यटक इस तरह की मनमानी कर रहे।

वैकल्पिक मार्ग भी है

पेंच टाइगर रिजर्व प्रबंधन के मुताबिक, टुरिया पहुंचने के लिए पचधार की ओर से एक अतिरिक्त मार्ग उपलब्ध है। इसके बावजूद पर्यटकों द्वारा खवासा-टुरिया मार्ग का उपयोग किया जा रहा है। प्रबंधन इस संबंध में भी समय-समय पर समझाइश देता रहा है। वन क्षेत्र से गुजरने वाले मार्गों पर अनुशासित वाहन संचालन और स्वच्छता बनाए रखना जरूरी है।

Created On :  

Tags

Next Story