- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सिवनी
- /
- महुआ बीन रहे ग्रामीण को बाघ ने मार...
Seoni News: महुआ बीन रहे ग्रामीण को बाघ ने मार डाला

डिजिटल डेस्क,सिवनी। वन विकास निगम अंतर्गत बरघाट क्षेत्र के डोरली गांव के जंगल में शुक्रवार की सुबह महुआ बीनने गए ग्रामीण को बाघ ने मार डाला। सूचना पर वन विभाग और बरघाट थाने की टीम मौके पर पहुंची। जानकारी के अनुसार डोरली निवासी विनोद (30) पिता अमरसिंह उईके अपने माता-पिता और छोटे भाई के अलावा अन्य ग्रामीणों के साथ महुआ बीनने जंगल गया था।
सुबह चीख सुनाई देने पर विनोद का छोटा भाई पंकज जब विनोद की ओर बढ़ा तो देखा कि विनोद को बाघ खींचकर ले जा रहा था। पंकज ने शोर मचाया तो बाघ विनोद के शव को छोडक़र चला गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए और वन विभाग को सूचना दी।
बताया गया कि मजदूरी करने वाले विनोद का दो साल का एक बेटा है व पत्नी गर्भवती है। वन विभाग ने 20 हजार रुपए परिजनों को मृतक की अंत्येष्टि के लिए दिए जबकि शेष 7.80 लाख रुपए की सहायता राशि देने के लिए कार्रवाई की जा रही है। घटना को देखते हुए विभाग ने तीन स्थानों पर कैमरे फिट किए हैं। ज्ञात हो कि इससे पहले पांढरवानी गांव के पास बाघ ने एक ग्रामीण को मार डाला था।
Created On :   28 March 2026 1:41 PM IST











