Seoni News: आग का तांडव, लहलहाती फसल बन गई राख का ढेर

आग का तांडव, लहलहाती फसल बन गई राख का ढेर
जिले के पांच क्षेत्रों में घटनाएं, चक्कीखमरिया क्षेत्र में 100 एकड़ में आग, मकान, दुकान और गोदाम भी जले

डिजिटल डेस्क,सिवनी। जिले के तीन थाना क्षेत्रों के पांच गांवों में शुक्रवार को आग के तांडव ने किसानों की कई दिनों की मेहनत को चंद मिनटों में मिट्टी में मिला दिया। कुरई थाना के ग्राम पंचायत चक्कीखमरिया क्षेत्र में करीब 100 एकड़ में जबकि डुंगरिया में तीन एकड़ में लगी गेहूं की फसल जल गई। इसके अलावा बंडोल के बल्लारपुर औैर सिहोरा गांव में आग से फसल के अलावा मकान, दुकान और गोदाम में बड़ा नुकसान हुआ है। पांचवीं घटना छपारा के खैरी गांव में हुई। यहां पर आठ एकड़ की फसल जल गई। घटनाओं ने पीड़ित किसानों की आंखों से आंसू निकाल दिए। उन्होंने प्रशासन से उचित मुआवजे की गुहार लगाई है।

शार्ट सर्किट से बेकाबू हुई आग

कुरई के चक्कीखमरिया गांव में शार्टसर्किट से लगी आग इतनी बेकाबू हो गई कि किसानों के सामने उनकी फसल जलती रही। वे चाहकर भी उसे बुझा नहीं पाए। आग तेजी से आगे बढ़ते रही और जो फसल सामने आई उसको चपेट में ले लिया। दमकल वाहन भी समय पर नहीं पहुंच पाया। बाद में बरघाट से दमकल वाहन आया लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। डुंगरिया गांव में शार्ट सर्किट से हेमराज वर्मा की तीन एकड़ में लगी गेहूं की फसल जल गई। आसपास के किसानों के कृषि यंत्र और पाइप भी जल गए। राजस्व विभाग की टीम नुकसानी का आंकलन कर रही है।

खेत की आग से बड़ा नुकसान

बंडोल थाना क्षेत्र के बलारपुर गांव में करीब दो एकड़ के खेत में लगी आग इतनी तेजी से फैल गई कि वह बाड़ी से होते हुए घर, दुकान और गोदाम तक पहुंच गई। बड़ी संख्या में मौजूद ग्रामीणों ने आग को बुझाने का काफी प्रयास किया। कोई मोटर पंप तो कोई बोर चालू कर आग बुझाने में जुट गया था।

जानकारी मिलते ही सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन भी पहुंच गए थे। उन्होंने राजस्व विभाग को निर्देशित किया कि आग से नुकसानी का सही आंकलन कर उचित मुआवजा देने के लिए तत्काल कार्रवाई करें। विधायक ने किसानों को ढांढस बांधा कि इस मुश्किल घड़ी में उनको उचित मुआवजा मिलेगा। आग से एक सूना मकान, गोदाम में रखे पाइप और बंद दुकान जल गई। हालांकि इससे कोई जनहानि नहीं हुई। सिहोरा गांव में भी आग से तीन एकड़ की फसल जल गई।

शार्ट सर्किट को तुरंत ठीक करवाएं

शार्ट सर्किट से होने वाली घटनाओं को लेकर मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने आमजन को आगाह किया है कि घर अथवा संस्थान में कहीं भी शार्ट सर्किट हो रहा है तो उसे हल्के में न लें, बल्कि तुरंत इलेक्ट्रिशियन को बुलाकर ठीक करवाएं। ऐसे में जरा सी असावधानी किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसके लिए आमजनों को भी करंट से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम में सहयोग करना आवश्यक है।

कंपनी के कार्यपालन अभियंता सुभाष राय ने बताया कि यदि घरों में अर्थिंग नहीं है तो वायरिंग के पहले अर्थिंग जरूर दें। इसके साथ ही घटिया या सस्ती वायरिंग के बजाय मानक स्तर की वायरिंग करवाएं, जिससे शार्ट सर्किट से होने वाली हानियों से बचा जा सके। एक अनुमान के मुताबिक ज्यादातर शार्ट सर्किट की घटनाएं या तो घटिया वायरिंग के कारण होती हैं, या फि र अत्यधिक पुरानी वायरिंग होने के चलते शार्ट सर्किट की घटनाएं होती हैं।

Created On :   28 March 2026 1:23 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story