Seoni News: तीन नकाबपोशों ने स्कूल के बाहर छात्र पर बोला हमला, डंडे से पीटकर हुए फरार

डिजिटल डेस्क,सिवनी। छपारा थाना क्षेत्र के ग्राम चमारी खुर्द में एक 16 वर्षीय छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। स्कूल में कक्षा नवमीं में अध्ययनरत एवं आंशिक रूप से बोलने-समझने में असमर्थ छात्र को तीन अज्ञात नकाबपोश लोगों ने डंडों से बेरहमी से पीटकर घायल कर दिया। घटना के बाद पीडि़त छात्र के पिता ने छपारा पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि ग्राम चमारी खुर्द स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में अध्ययनरत प्रथम ठाकुर उर्फ दक्ष पिता नारायण सिंह ठाकुर (16) 14 नवंबर को दोपहर डेढ़ बजे लंच ब्रेक के दौरान अपने दो दोस्तों के साथ स्कूल परिसर के सामने लगे हैंडपंप पर पानी पीने गया था। इसी दौरान एक कार वहां आकर रुकी, जिसमें सवार तीन नकाबपोश व्यक्ति नीचे उतरे और छात्र के साथ गाली-गलौज करते हुए डंडों से मारपीट शुरू कर दी।
बताया गया कि हमलावरों ने छात्र के हाथ, कंधे, पीठ, जांघ और कमर पर डंडों से कई वार किए। अचानक हुई इस घटना से घबराए उसके दोनों साथियों ने स्कूल पहुंचकर शिक्षकों को इसकी जानकारी दी। इसी दौरान आरोपी अपनी कार से मौके से फरार हो गए। पीडि़त के पिता की शिकायत पर छपारा पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। अब पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपियों की पहचान और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुट गई है।
Created On :  
