- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- शहडोल
- /
- बुढ़ार, सोहागपुर और पुष्पराजगढ़...
Shahdol news: बुढ़ार, सोहागपुर और पुष्पराजगढ़ बीएमओ को कमिश्नर सुरभि गुप्ता ने लगाई फटकार

डिजिटल न्यूज़ शहडोल
शहडोल संभाग में एनीमिया से पीडि़त महिलाओं को चिन्हित कर उन्हें सतत रूप से उपचार मुहैया कराया जाए तथा उन्हें स्वास्थ्य के प्रति सतत रूप से जागरूक किया जाए। एनीमिक महिलाओं एवं हाई रिस्क डिलीवरी वाली महिलाओं को चिन्हित कर उनके उपचार संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन किया जाए। शहडोल संभाग में किसी भी एनीमिक महिला की उपचार के अभाव में मृत्यु नहीं होनी चाहिए। एनीमिक महिला की मृत्यु होने की स्थिति में संबंधित क्षेत्र के खण्ड चिकित्सा अधिकारी एवं अन्य अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी तथा उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। कमिश्नर सुरभि गुप्ता ने यह निर्देश गुरूवार को कमिश्नर कार्यालय में आयोजित स्वास्थ्य विभाग की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक में चिकित्सा अधिकारियों को दिए। कमिश्नर ने नव विवाहित गर्भवती महिलाओं के पंजीयन की जिलेवार समीक्षा करते हुए कहा कि आधार कार्ड और समग्र आईडी के कारण नव विवाहित महिलाओं के पंजीयन में किसी भी प्रकार का गतिरोध उत्पन्न नहीं होना चाहिए। नव विवाहिता महिलाओं के पंजीयन का कार्य शत-प्रतिशत कराएं। शहडोल संभाग के बुढ़ार, सोहागपुर एवं पुष्पराजगढ़ क्षेत्र में नव विवाहित महिलाओं के पंजीयन में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर कमिश्नर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की तथा निर्देश दिए कि नव विवाहित महिलाओं के पंजीयन के कार्य को तत्काल पूर्ण कराएं तथा नव विवाहित गर्भवती महिलाओं को मुहैया कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं एवं संदर्भ सेवाओं को प्राथमिकता के साथ उपलब्ध कराएं। बैठक में संभाग के तीनों जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, खण्ड चिकित्सा अधिकारी एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Created On :   8 Aug 2026 4:31 PM IST











