Shahdol News: अमरकंटक, उद्गम में ही प्रदूषण की मार झेल रही नर्मदा

अमरकंटक, उद्गम में ही प्रदूषण की मार झेल रही नर्मदा
नदी की धार पर पॉलीथीन, प्लास्टिक बॉटल और बिस्किट व नमकीन के रैपर

डिजिटल डेस्क,शहडोल। मध्यप्रदेश की दो प्रमुख नदियां नर्मदा और सोन उद्गम स्थल अमरकंटक में ही प्रदूषण की मार झेल रही हैं। रविवार को अमरकंटक स्थित कपिलधारा में नर्मदा नदी और सोनमुड़ा में उद्गम से चंद कदम दूर ही सीढिय़ों के किनारे प्लास्टिक बॉटल, पालीथीन, बिस्किट व नमकीन के रैपर बिखरे रहे। कचरे का आलम बता रहा है कि पवित्र नगरी अमरकंटक में स्वच्छता के नाम कैसे औपचारिकता निभाई जा रही है।

पीसीबी का कामचलाऊ अभियान

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड पीसीबी ने 22 मई को जल गंगा संवर्धन अभियान के दौरान जलस्रोतों को स्वच्छ रखने जागरूकता अभियान चलाया। पीसीबी के इस अभियान को एक माह भी नहीं हुए हैं और अमरकंटक में जगह-जगह कचरे का अंबार बता रहा है कि पीसीबी का यह अभियान भी कामचलाऊ ही रहा।

अनूपपुर कलेक्टर ने लिया संज्ञान, कुंड का शौचालय 3 दिन में चालू करने का दावा

दैनिक भास्कर में नर्मदा उद्गम कुंड के समीप शौचालय में ताला लगे होने से श्रद्धालुओं की परेशानी का खबर प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद कलेक्टर अनूपपुर हर्षल पंचोली ने नगर परिषद अमरकंटक से जवाब मांगा।

सीएमओ चैन सिंह परस्ते ने बताया कि शौचालय के चेेंबर के पाइप से रिसाव के कारण बंद किया गया है। तीन दिन में मरम्मत कर चालू कर दिया जाएगा।

Created On :   16 Jun 2026 4:54 PM IST

Tags

Next Story