Shahdol News: बछड़े पर चढ़ी कार,डाक्टर चालक से हुई लोगों की तीखी बहस

बछड़े पर चढ़ी कार,डाक्टर चालक से हुई लोगों की तीखी बहस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार को उठाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद बछड़े को सुरक्षित बाहर निकाला।

डिजिटल डेस्क,शहडोल। शहर के गांधी चौक के पास रघुराज स्कूल के सामने बुधवार को तेज रफ्तार कार सड़क पर बैठे एक बछड़े के ऊपर चढ़ गई। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों के शोर मचाने पर कार चालक ने वाहन रोका, जिसके बाद देखा गया कि बछड़ा कार के नीचे बुरी तरह फंसा हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार को उठाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद बछड़े को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में बछड़ा घायल हो गया। घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए और घायल बछड़े की हालत देखकर लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार चिकित्सक डॉ. मनीष सिंह चला रहे थे। हादसे के बाद कुछ लोगों ने उनसे घायल बछड़े के इलाज की व्यवस्था कराने और जिम्मेदारी लेने की बात कही, लेकिन इसी दौरान चालक और स्थानीय लोगों के बीच तीखी बहस हो गई। लोगों का आरोप है कि उन्होंने मदद करने के बजाय उनसे ही विवाद किया और बाद में मौके से चले गए।

हालांकि, इस मामले में डॉ. मनीष सिंह का पक्ष सामने नहीं आया है।हम आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करते।

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार के नीचे फंसे बछड़े को स्थानीय लोग बाहर निकालते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ और घायल बछड़े को बचाने के प्रयास साफ दिखाई देते हैं।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामले की सूचना पुलिस को दी गई है या नहीं और इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज हुई है या नहीं।

Created On :   2 July 2026 2:42 PM IST

Tags

Next Story