- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- शहडोल
- /
- खेल मैदान का बिल पास करने के बदले...
Shahdol News: खेल मैदान का बिल पास करने के बदले 10 हजार की रिश्वत लेते महिला उपयंत्री गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क,शहडोल। लोकायुक्त संभाग रीवा की टीम ने गुरुवार को शहडोल जिले के नगर परिषद खांड (बाणसागर) में पदस्थ महिला उपयंत्री (सब-इंजीनियर) सुधा वर्मा को 10,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। उपयंत्री ने ठेकेदार से खेल मैदान के निर्माण कार्य का मूल्यांकन करने और अंतिम बिल तैयार करने के बदले रिश्वत की मांग की थी। रीवा निवासी ठेकेदार मेसर्स जेके अग्रवाल (प्रोप्राइटर श्री अग्रवाल) ने नगर परिषद खांड के खेल मैदान में स्टेयर (सीढिय़ों) के निर्माण का टेंडर लिया था।
कार्य पूर्ण होने के बाद जब उन्होंने अंतिम भुगतान के लिए फाइल आगे बढ़ानी चाही, तो उपयंत्री सुधा वर्मा ने मूल्यांकन के नाम पर 20,000 रुपए की रिश्वत मांगनी शुरू कर दी। परेशान होकर ठेकेदार ने 7 अप्रैल को लोकायुक्त कार्यालय रीवा में इसकी शिकायत दर्ज कराई।
लोकायुक्त एसपी सुनील कुमार पाटीदार के निर्देशन में गुरुवार दोपहर जैसे ही ठेकेदार ने रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 10,000 रुपए उपयंत्री सुधा वर्मा को उनके शासकीय कार्यालय में सौंपे, पहले से ही मुस्तैद लोकायुक्त टीम ने उन्हें दबोच लिया।
हाथ धुलवाते ही उनके हाथ गुलाबी हो गए। कार्रवाई के दौरान कार्यालय में हडक़ंप मच गया। आरोपी उपयंत्री के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (संशोधित 2018) की धारा 7 (क) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख और डीआईजी मनोज सिंह के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई का नेतृत्व निरीक्षक संदीप सिंह भदौरिया ने किया। टीम में निरीक्षक एस राम मरावी, उपनिरीक्षक आकांक्षा शुक्ला सहित 12 सदस्यीय दल शामिल था।
Created On :   10 April 2026 12:51 PM IST











