- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सीधी
- /
- सीधी में ऑटो-बाइक की आमने-सामने...
सीधी न्यूज: सीधी में ऑटो-बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, चार गंभीर घायल

डिजिटल डेस्क सीधी। जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र अंतर्गत हत्था गांव की लालकी पहाड़ी के पास रविवार सुबह ऑटो और मोटरसाइकिल की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की मदद से सभी घायलों को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर नैकिन पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल सवार शिवेंद्र सिंह (19) और भूरा सिंह (19), निवासी उत्तर प्रदेश, रीवा से खड्डी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे ऑटो से उनकी टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो सवार रमेश साकेत (37) और शिवम बैस (19), निवासी खड्डी, भी घायल हो गए।
पुलिस जुटी जांच में
108 एंबुलेंस के चालक प्रवीण मिश्रा के अनुसार, सूचना मिलते ही वह घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। रामपुर नैकिन थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी ने बताया कि चारों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा।
Created On :   11 Oct 2026 3:40 PM IST












