- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सीधी
- /
- कन्या महाविद्यालय में छात्र राजनीति...
Sidhi news: कन्या महाविद्यालय में छात्र राजनीति का उबाल, NSUI-ABVP आमने-सामने

डिजिटल न्यूज़ सीधी
शहर के कन्या महाविद्यालय में सोमवार को कार्यक्रम को लेकर छात्र राजनीति उस समय गरमा गई, जब NSUI और ABVP से जुड़े छात्र-छात्राएं आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने के बाद बड़ी संख्या में छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल को मौके पर पहुंचना पड़ा।
प्रदर्शन कर रही छात्राओं ने आरोप लगाया कि उन्हें देवी अहिल्याबाई सभागार में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने से रोकने का प्रयास किया गया। छात्राओं का कहना था कि वे करीब एक घंटे तक बाहर निकलने का प्रयास करती रहीं, लेकिन उन्हें बाहर नहीं जाने दिया गया। प्रदर्शन में करीब 500 छात्राओं के शामिल होने का दावा किया गया।
कार्यक्रम पहले तय होने को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने
विवाद के बीच ABVP से जुड़े छात्र-छात्राओं ने कहा कि महाविद्यालय में उनका कार्यक्रम पहले से निर्धारित था। वहीं NSUI ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम को लेकर उन्हें भी जानकारी थी और इसके बावजूद ABVP कार्यकर्ताओं द्वारा ऐसी स्थिति पैदा की गई, जिससे छात्राओं में आक्रोश फैल गया।
NSUI के प्रदेश सचिव विक्रांत सिंह परिहार ने कहा कि संगठन की ओर से कार्यक्रम की सूचना महाविद्यालय प्रशासन और पुलिस को एक दिन पहले दी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जानकारी होने के बावजूद कार्यक्रम को लेकर विवाद की स्थिति बनाई गई।
पुलिस की मौजूदगी में चलता रहा प्रदर्शन
विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और बल महाविद्यालय पहुंचे। कोतवाली, जमोड़ी, चुरहट सहित अन्य थाना क्षेत्रों का पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। पुलिस की मौजूदगी में छात्राओं का प्रदर्शन करीब दो घंटे से अधिक समय तक चला। पुलिस और महाविद्यालय प्रशासन ने दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।
प्राचार्य बोले—बिना अनुमति कार्यक्रम और प्रदर्शन नहीं
कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य ओपी नामदेव ने दोनों छात्र संगठनों पर बिना अनुमति कार्यक्रम और प्रदर्शन करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय पढ़ाई के लिए है, लेकिन आए दिन यहां छात्र संगठनों के प्रदर्शन की स्थिति बन रही है।
Created On :   5 Oct 2026 1:48 PM IST












