Sidhi news: बारिश में बही सड़क, 200 परिवारों का आवागमन प्रभावित

बारिश में बही सड़क, 200 परिवारों का आवागमन प्रभावित
आदिवासी बस्ती का आवागमन प्रभावित

डिजिटल न्यूज़ सीधी

रामपुर नैकिन विकासखंड के ग्राम शिकारगंज, पोस्ट बाघड़ में बारिश के बाद गांव का सरकारी रास्ता बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। तेज बारिश के पानी के बहाव से सड़क के बीचोंबीच गहरी कटान और बड़ा गड्ढा बन गया है। इसके चलते आगे स्थित करीब 150 से 200 परिवारों की आदिवासी बस्ती का आवागमन प्रभावित हो गया है।

ग्रामीणों के अनुसार रास्ते की हालत लगातार खराब होने से रोजमर्रा की आवाजाही मुश्किल हो गई है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है। बच्चों को क्षतिग्रस्त रास्ते को पार कर स्कूल जाना पड़ता है। कई अभिभावक उन्हें मुख्य सड़क तक छोड़ने और वापस लेने के लिए मजबूर हैं।

आपात स्थिति में बढ़ जाती है परेशानी

क्षतिग्रस्त रास्ते का सबसे गंभीर असर मरीजों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि रास्ता खराब होने के कारण एंबुलेंस और अन्य चारपहिया वाहन बस्ती तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। किसी व्यक्ति के बीमार पड़ने या आपात स्थिति में मरीज को करीब एक किलोमीटर दूर मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ता है।

शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान

ग्रामीणों ने बताया कि रास्ते की समस्या की जानकारी सरपंच और सचिव को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन अब तक स्थायी मरम्मत नहीं हो सकी है। बारिश के पानी से हुई कटान के कारण अब रास्ता और खतरनाक हो गया है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मौके का तत्काल निरीक्षण कर रास्ते की मरम्मत कराई जाए और पानी के बहाव से दोबारा सड़क क्षतिग्रस्त न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्था की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की समस्या केवल आवागमन की नहीं, बल्कि बच्चों की शिक्षा और आपात स्थिति में लोगों की जिंदगी से जुड़ी हुई है।

Created On :   3 Oct 2026 1:36 PM IST

Tags

Next Story