सीधी न्यूज: न्यू बस स्टैंड। बसों का बढ़ा दबाव, सुविधा विस्तार का अभी इंतजार

न्यू बस स्टैंड। बसों का बढ़ा दबाव, सुविधा विस्तार का अभी इंतजार
दोनों गेट पर सुचारू यातयात के लिए तैनात किए पुलिस कर्मी

डिजिटल डेस्क सीधी।जिला प्रशासन के आदेश पर गुरुवार से जिले की सभी बसों का परिचालन अंततः नवीन श्यामा प्रसाद मुखर्जी अंतरराज्यीय बस स्टैंड से शुरू हो गया है। पुराने सोनांचल बस स्टैंड से चलने वाली बसों के नवीन स्टैंड पहुंचने के बाद परिसर में बसों का दबाव तो बढ़ गया है, लेकिन आवश्यक सुविधा विस्तार के लिए अभी कुछ दिन मुसाफिरों को इंतजार करना पड़ेगा। नये बस स्टैंड में बसों के आगमन और रवानगी के लिए केवल एक-एक गेट की सुविधा है, ऐसे में बसों की संख्या बढ़ने के बाद सुचारू परिचालन के लिए यहां एक और गेट की व्यवस्था प्रशासन को करनी ही होगी, वरना अव्यवस्था के चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। नई व्यवस्था के पहले दिन दोनों गेट पर बसों के विधिवत संचालन के लिए यातायात पुलिस की मौजूदगी नजर आई, उम्मीद है कि स्थाई तौर पर यह व्यवस्था प्रशासन द्वारा यहां पर मुहैया कराई जाएगी।

पेयजल, साफ-सफाई और शौचालय जरुरी

काफी लंबे समय से शहर के न्यू बस स्टैंड में यात्रा करने के लिए आने वाले मुसाफिरों को न तो पीने के लिए नियमित तौर पर पेयजल नसीब हो रहा था और न ही यात्री प्रतीक्षालय सहित परिसर में विधिवत साफ सफाई व्यवस्था नजर आ रही थी। एक दिन पूर्व एसडीएम प्रिया पाठक और सीएमओ महमूद हसन ने निरीक्षण कर व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए हैं। पहले ही दिन न्यू बस स्टैंड के यात्री प्रतीक्षालय में साफ-सफाई और पेयजल की व्यवस्था संतोषजनक नजर नहीं आई। उम्मीद जताई जा रही है कि नगर पालिका जल्द यहां मूलभूत सुविधाओं को व्यवस्थित करा देगी और इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए शौचालय में एक जमाने से लगे ताले को खोलकर संचालन शुरू कराना भी आवश्यक है।

आटो चालकों पर अंकुश लगाना बड़ी चुनौती

पुलिस को कड़ाई के साथ सभी बसों को स्टैंड परिसर के अंदर खड़ा कराना होगा, जिससे यात्रियों को भटकना न पड़े। पहले दिन कुछ बसें अव्यवस्थित तरीके से जगह-जगह खड़ी नजर आईं। यहां पर सबसे बड़ी चुनौती बेलगाम आटो चालकों पर लगाम कसने की रहेगी, क्योंकि स्टैंड के अंदर बसों के प्रवेश करते ही आटो चालक मधुमक्खी की तरह उसे घेर लेते हैं। ऐसे में आटो को निर्धारित स्थान पर ही खड़ा कराना होगा, तभी मुसाफिर बसों में उतरने-चढ़ने के दौरान परेशान नहीं होंगे।


Created On :   1 Oct 2026 5:23 PM IST

Tags

Next Story