सीधी न्यूज: 14 दिन बाद खत्म हुआ सड़क आंदोलन, प्रभारी मंत्री के आश्वासन पर ग्रामीणों ने उठाया धरना

2 से 4 माह में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर सड़क निर्माण शुरू कराने का मिला भरोसा

डिजिटल डेस्क सीधी। खड्डी खुर्द-बगैहा टोला सड़क निर्माण की मांग को लेकर पिछले 14 दिनों से जारी धरना प्रदर्शन रविवार को समाप्त हो गया। लगातार बारिश के बीच आंदोलनकारी सड़क निर्माण की मांग को लेकर धरना स्थल पर डटे रहे। बारिश के कारण बच्चों समेत आंदोलन में शामिल लोगों के स्वास्थ्य पर असर पड़ने के बाद आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया गया।

आंदोलनकारियों के अनुसार, सीधी जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल की ओर से सड़क निर्माण को लेकर आश्वासन दिया गया है कि आगामी 2 से 4 माह के भीतर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। इस आश्वासन के बाद आंदोलनकारियों ने धरना समाप्त कर दिया।

आंदोलनकारियों ने कहा कि यह संघर्ष किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि क्षेत्र के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी सड़क समस्या को लेकर था। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि दिए गए आश्वासन के अनुसार समय-सीमा में प्रक्रिया पूरी कर सड़क निर्माण का काम धरातल पर शुरू होगा।धरना समाप्त होने के दौरान आंदोलनकारियों ने आंदोलन में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों और समर्थकों का आभार जताया। साथ ही प्रभारी मंत्री के प्रति भी मांग सुनने और सड़क निर्माण का आश्वासन देने पर धन्यवाद व्यक्त किया।


Created On :   27 Sept 2026 6:00 PM IST

Tags

Next Story