- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सीधी
- /
- सफाई व्यवस्था को आईना दिखा रही...
Sidhi news: सफाई व्यवस्था को आईना दिखा रही दीनदयाल काम्प्लेक्स की गंदगी

डिजिटल न्यूज़ सीधी
स्वच्छता को लेकर किए जाने वाले बड़े-बड़े दावों के बीच जमीनी हकीकत शहर में अक्सर चौंकाने वाली सामने आ जाती है। नगर पालिका सीएमओ के निरंतर प्रयास के बावजूद सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता की तस्वीर देखने को नहीं मिल रही है। शहर के मध्य से गुजरने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित दीनदयाल उपाध्याय काम्प्लेक्स का यदि स्वंय सीएमओ औचक निरीक्षण करें तो उन्हें स्वच्छता अभियान की जमीनी हकीकत स्पष्ट तौर पर नजर आ जाएगी। इस महत्वपूर्ण व्यवसायिक परिसर में नियमित रूप से झाडू तक मैदानी अमले द्वारा नहीं लगाई जा रही है, यही वजह है कि जगह-जगह कचरे का अंबार और गंदगी यहां एक गंभीर समस्या बनी रहती है। नियमित रूप से काम्प्लेक्स में साफ-सफाई न होने की वजह से दुकानदारों के साथ-साथ यहां आने वाले लोगों को अक्सर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। काम्प्लेक्स की सीढ़ियों के पास सबसे ज्यादा गंदगी यहां पर अक्सर बनी रहती है।
ग्राउंड फ्लोर में होता है जलभराव
सांसद आवास के समीप सड़क के दूसरी तरफ स्थित दीनदयाल काम्प्लेक्स स्वच्छता टीम की उपेक्षा का दंश झेल रहा है। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि काम्प्लेक्स के ग्राउंड फ्लोर पर बारिश होते ही जलभराव की गंभीर समस्या निर्मित हो जाती है। पानी भरे रहने की वजह से संक्रमण फैलने का खतरा भी लोगों के बीच बना रहता है। इस समस्या के बारे में कई बार नगर पालिका के जिम्मेदारों को अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक उनके द्वारा समाधान को लेकर आवश्यक कार्यवाही नहीं की गई है। लोगों का आरोप है कि नगर पालिका टैक्स की बराबर वसूली करती है, लेकिन उसके एवज में साफ सफाई जैसी मूलभूत सुविधा नहीं दे पा रही है। इस मामले में सीएमओ से व्यवस्था बनाए जाने की मांग उठाई गई है।
Created On :   23 Sept 2026 2:04 PM IST












