सीधी न्यूज: अवैध कब्जे की होड़, सूखा नाला की बाउंड्री पर निर्माण जारी

अवैध कब्जे की होड़, सूखा नाला की बाउंड्री पर निर्माण जारी
वार्ड क्रमांक 14 के आजाद नगर का मामला

डिजिटल डेस्क सीधी। सरकारी जमीन और संपत्ति पर अवैध कब्जा करने की शहर सहित जिले भर में प्रभावशाली लोगों के बीच होड़ लगी हुई है। शहर से निकलने वाले सूखा और हिरन नाले से लगी जमीन पर सालों से किए गए अतिक्रमण को आज तक नगर पालिका और जिला प्रशासन हटवाने में सफल नहीं हुआ है, जबकि पूर्व में अतिक्रमण करने वालों को चिंहित भी किया जा चुका है। इसी बीच अवैध कब्जे का एक नया मामला सामने आया है, जहां पर एक महिला द्वारा सूखा नाले पर बनाई गई बाउंड्री वॉल के ऊपर डंके की चोंट में अतिक्रमण किया जा रहा है। नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 14 अंतर्गत सूखा नाले के समीप रहने वाली जरीना बेगम द्वारा इस अतिक्रमण को मुकम्मल किया जा रहा है। बाउंड्री वॉल के ऊपर पिलर निर्माण का काम अंतिम चरण में पहुंच चुका है और अभी तक नगर पालिका के जिम्मेदारों को कानों-कान खबर नहीं हुई है। यदि समय रहते नगर पालिका द्वारा ध्यान नहीं दिया गया तो यहां रहने वाले दूसरे लोगों द्वारा भी नाले की बाउंड्री वॉल पर अतिक्रमण का सिलसिला शुरू कर दिया जाएगा।

शहर में नजर नहीं आता अतिक्रमण विरोधी दस्ता

शहर की सड़कों, फुटपाथ और सरकारी जमीनों पर चारों तरफ अतिक्रमण की समस्या आम बात हो चुकी है, इसके बाद कार्यवाही करने के लिए नगर पालिका में गठित अतिक्रमण विरोधी दस्ता कहीं नजर नहीं आता है। ऐसा लगता है जैसे नगर पालिका प्रशासन द्वारा केवल औपचारिकता पूरी करने के लिए इस दल का गठन किया गया है। वार्डों में तैनात प्रभारी भी अतिक्रमण की समस्या को गंभीरता से लेने के बजाय अक्सर संरक्षण देते हुए नजर आते हैं।

इनका कहना है

आजाद नगर में सूखा नाले की बाउंड्री वॉल पर किए जा रहे अतिक्रमण की मुझे जानकारी नहीं है। यदि ऐसा किया जा रहा है तो सरासर गलत है, मौके पर टीम भेजकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।

महमूद हसन सीएमओ,नपा सीधी।


Created On :   1 Oct 2026 5:18 PM IST

Tags

Next Story