- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सीधी
- /
- सब्जी मंडी : मुख्य द्वार पर वाहनों...
सीधी न्यूज: सब्जी मंडी : मुख्य द्वार पर वाहनों का जमावड़ा, पैदल निकलना तक होता है मुश्किल

डिजिटल डेस्क सीधी। शहर के हृदय स्थल गांधी चौक क्षेत्र में संचालित सब्जी मंडी समस्याओं से निजात नहीं पा रही है। कई बार यहां की समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ व्यापारियों ने भी आवाज उठाई, लेकिन आश्वासन देने के बाद भी नगर पालिका प्रशासन द्वारा हालातों को सुधारने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। सब्जी मंडी के मुख्य गेट से ही समस्या का सिलसिला प्रारंभ हो जाता है, जिसके कारण आम लोगों को यहां पर पैदल चलने में भी भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। मुख्य द्वार पर सुबह से दो पहिया वाहनों का अवैध जमावड़ा आवा गमन व्यवस्था को इस कदर बाधित कर देता है कि महिलाओं और बुजुर्गों को परेशानी का सामना करने के लिए मजबूर होना पड़ता है। सब्जी मंडी से कुछ दूरी पर वाहन पार्किंग की व्यवस्था मौजूद होने के बाद भी लापरवाह वाहन चालकों द्वारा गाड़ियों को मुख्य द्वार पर ही हमेशा खड़ा किया जाता है। मनमानी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही न होने की वजह से उनके हौंसले हमेशा बुलंद रहते हैं, जिसकी वजह से आम जनता परेशान होती है। पूर्व में नगर पालिका द्वारा चलाए गए अभियान के चलते 2-4 दिन स्थिति में सुधार रहा, लेकिन जैसे ही अभियान ठंडा हुआ तो समस्या फिर लोगों को परेशान करने लगी।
कचरे से पटी नाली, जुर्माना लगाना जरूरी
सब्जी मंडी क्षेत्र में पानी निकासी के लिए बनी पुरानी नाली हमेशा कचरे से पटी नजर आती है। बताया जाता है कि नियमित रूप से साफ सफाई न होने और स्थानीय कुछ व्यापारियों की लापरवाही के कारण गंदगी का सिलसिला यहां पर हमेशा बना रहता है। नाली में कचरा जमा होने की वजह से पानी की निकासी नहीं होती है और खरीदारी करने के लिए आने वाले लोगों को भी दुर्गंध का सामना करना पड़ता है। नाली में कचरा फेंकने वाले लोगों के खिलाफ जब तक नगर पालिका जुर्माना लगाने की कार्यवाही प्रारंभ नहीं करेगा, तब तक यहां के हालात सफाई को लेकर सुधरने वाले नहीं हैं। केवल एक दो माह में मंडी परिसर के अंदर धुलाई करा देने से यहां पर स्वच्छता का असर देखने को नहीं मिलेगा। नगर पालिका को साफ सफाई व्यवस्था पटरी पर लाने के लिए सख्त कदम समय रहते उठाने होंगे।
Created On :   2 Oct 2026 4:20 PM IST












