- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- उमरिया
- /
- उमरिया रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की...
उमरिया न्यूज: उमरिया रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से महिला स्टाफ नर्स की मौत,

डिजिटल डेस्क उमरिया। जिला मुख्यालय के रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे पोल नंबर 976/36N के पास ट्रेन की चपेट में आने से अनुराधा देवी धुर्वे (पति अशोक सिंह धुर्वे) की दर्दनाक मौत हो गई है। मृतिका जिला अस्पताल में प्राइवेट स्टाफ नर्स के रूप में कार्यरत थीं और उनका मूल निवास अनूपपुर जिले के ग्राम पोड़की में है, जबकि उनके पति काम के सिलसिले में बेंगलुरु में रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना को लेकर मृतिका की बेटी मूर्ति सिंह धुर्वे ने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। बेटी के मुताबिक, बुधवार शाम अनुराधा देवी झाड़ू मोहल्ले में बने अपने नए घर को देखने गई थीं। रात करीब 8:30 बजे फोन पर उनकी आखिरी बात हुई थी, जिसमें उन्होंने रेलवे लाइन के पास होने और घर लौटने की बात कही थी। इसके बाद कई बार फोन करने पर भी संपर्क नहीं हो पाया। रात अधिक होने और मां के पहले भी नए घर में रुक जाने की आदत के चलते बेटी ने तलाश नहीं की, लेकिन गुरुवार सुबह उनकी मौत की खबर सामने आई। वहीं, बेटी ने इस मामले में एक अन्य विवाद को लेकर गहरा संदेह जताया है। उसका आरोप है कि मोहल्ले के ही एक व्यक्ति ने अनुराधा देवी के नाम पर लोन ले रखा था और किस्तें न चुकाने के कारण वह बेहद परेशान थीं। कुछ दिन पहले इसी बात को लेकर दोनों के बीच हुए विवाद के बाद अनुराधा देवी ने डायल 112 पर भी कॉल किया था, जिसके बाद पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया था। पुलिस का कहना है कि शुरुआती तौर पर मामला ट्रेन की चपेट में आने का है, लेकिन परिवार द्वारा उठाए गए हर पहलू और संदेह को ध्यान में रखते हुए बारीकी से जांच की जा रही है।
Created On :   13 Aug 2026 3:42 PM IST
Next Story










