उमरिया न्यूज: कैंप क्षेत्र स्थित कपड़ा दुकान में भड़की आग, फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू

दमकल की टीम ने पानी डालकर आग बुझाई
भास्कर न्यूज उमरिया शहर के कैंप वार्ड क्रमांक-14 इलाके में स्थित एक साड़ी दुकान में भीषण आग लग गई। जब तक आग बुझाने दमकल की टीम पहुंचती, भीतर रखा अधिकतर सामान आग में जलने से खराब हो चुका है। फायर ब्रिगेड की टीम ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पीड़ित दुकान मालिक अज्ञात पर संदेह जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। मिली जानकारी के अनुसार कैंप टॉकीज रोड पर सड़क किनारे सांई साड़ी कलेक्शन नाम से दुकान संचालित है। संचालक राजा का कहना है वह रात्रि में एक बजे तक यहीं बना हुआ था। तब तक यहां आग नहीं लगी थी। इसी के बाद ही अज्ञात ने यह घटना कारित की है। गनीमत रही कि इसी दौरान सीआरपीएफ जवान शेख अहमद वहां से गुजर रहे थे। जागरूकता का परिचय देते हुए उन्होंने दुकान मालिक को आवाज देकर उठाया। जैसे ही सुबह तड़के राजा व घर के अन्य सदस्य बाहर निकले पूरे दुकान से धुंआ उठ रहा था। भीतर रखा सामान जलकर खाक हो चुका था। किसी कदर कुछ पैकेट को निकालकर बाहर फेंका गया। दमकल की टीम ने पानी डालकर आग बुझाई। दुकानदार का कहना है कि भीतर लाखों का सामान रखा हुआ था।

Created On :   10 Sept 2026 4:25 PM IST

Tags

Next Story