Umaria news: एसईसीएल की पिपरिया खदान में हैवी ब्लास्टिंग के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

एसईसीएल की पिपरिया खदान में हैवी ब्लास्टिंग के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
ब्लास्टिंग के विरोध में ग्रामीण लामबंद

डिजिटल न्यूज़ उमरिया

जिले में एसईसीएल (SECL) की पिपरिया कोयला खदान में की जा रही हैवी ब्लास्टिंग के विरोध में आसपास के ग्रामीण लामबंद हो गए हैं। पिपरिया, सेमरिया, कुआँ और विलाईकाँप समेत कई गांवों के सैकड़ों ग्रामीण मंगलवार को खदान के मुख्य प्रवेश द्वार पर धरने पर बैठ गए। हाथों में महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव अंबेडकर की तख्तियां थामे इन ग्रामीणों का साफ कहना है कि जब तक खदान में हैवी ब्लास्टिंग पूरी तरह बंद नहीं की जाती, उनका यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। आंदोलनकारी ग्रामीणों ने बताया कि कोल प्रबंधन द्वारा खदान क्षेत्र में लगातार भारी विस्फोंटों (हैवी ब्लास्टिंग) के जरिए खनन कार्य कराया जा रहा है। देर रात होने वाली इन शक्तिशाली ब्लास्टिंग के तेज झटकों से उनके कच्चे-पक्के मकानों और छतों में बड़ी-बड़ी दरारें आ चुकी हैं। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि यही हाल रहा तो उनके घर कभी भी ढह सकते हैं, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है। हालात यह हैं कि पूरा इलाका दहशत के साये में जीने को मजबूर है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या को लेकर उन्होंने कोल प्रबंधन, जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से कई बार गुहार लगाई, लेकिन हर बार उन्हें कोरे आश्वासन ही मिले। ब्लास्टिंग पर रोक न लगने के कारण अब ग्रामीणों का सब्र टूट गया है, जिसके चलते उन्हें मजबूरन खदान के गेट पर धरना देकर बैठना पड़ा है।

Created On :   18 Aug 2026 9:53 PM IST

Tags

Next Story