Wardha News: नेपाल से आयातित संदिग्ध सोयाबीन तेल पर एफडीए का छापा, 2.10 लाख का 88 टीन स्टॉक जब्त

  • पटेल चौक स्थित प्रतिष्ठान पर कार्रवाई, जंग लगे टीन में मिला तेल
  • कम कीमत में आयात, ऊंचे दामों पर बिक्री का आरोप
  • नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे, रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

Wardha News वर्धा के अन्न एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने शहर के पटेल चौक स्थित मे. कादर भाई सन्स प्रतिष्ठान पर मंगलवार की रात छापेमारी कर घटिया गुणवत्ता वाले सोयाबीन तेल के 88 टीन जब्त किए हैं। जब्त तेल की कुल मात्रा 1,318 किलोग्राम तथा अनुमानित कीमत 2 लाख 10 हजार 880 रुपये बताई जा रही है।

सस्ते में लाकर ऊंचे दामों में बेचते थे _ बताया जा रहा है कि दुकान मालिक इमरान शब्बीर लांबा नेपाल देश से कम दर में घटिया दर्जे का सोयाबीन तेल बुलाकर वर्धा शहर के किराना दुकानों व जरूरतमंद नागरिकों को ऊंंचे दाम में बेचते थे। एफडीए के आयुक्त तुकाराम मुंडे के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी रविराज धाबर्डे ने मंगलवार को प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। जांच में सुपर सूर्या ब्रांड के 15-15 किलो क्षमता वाले सोयाबीन तेल के टीन बिक्री के लिए रखे मिले। कार्रवाई के दौरान 88 टीन (कुल 1 हजार 318 किलो तेल) जिसकी कीमत 2 लाख 10 हजार 880 है, जब्त की गई। निरीक्षण में अधिकांश टीन अत्यधिक गंदे और जंग लगे पाए गए।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि तेल नेपाल से आयात किया गया था। अधिकारियों को बाजार मूल्य से कम कीमत और पैकेजिंग की स्थिति के आधार पर तेल की गुणवत्ता पर संदेह हुआ, जिसके बाद पूरा स्टॉक जब्त कर लिया गया। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत तेल के नमूने प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई सहायक आयुक्त (खाद्य) प्रभाकर टोपले के मार्गदर्शन में की गई।


Created On :   6 Aug 2026 1:12 PM IST

Tags

Next Story