Yavatmal News: दो जिलों में बाघ की दहशत: यवतमाल में मिले पगमार्क, वर्धा में दुधारू गाय का किया शिकार

दो जिलों में बाघ की दहशत: यवतमाल में मिले पगमार्क, वर्धा में दुधारू गाय का किया शिकार
  • आसेगांवदेवी के खेतों में बाघ के पगमार्क मिलने से किसान और खेत मजदूरों में भय का माहौल
  • समुद्रपुर के जाम चौरास्ता में खेत में बंधी दुधारू गाय का बनाया शिकार, वन विभाग मौके पर पहुंचा
  • ग्रामीणों से अफवाहों से बचने, खेतों में अकेले न जाने और सतर्क रहने की वन विभाग की अपील

Yavatmal News प्रदेश के दो अलग-अलग जिलों में बाघ की गतिविधियों से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। यवतमाल जिले के बाभुलगांव तहसील स्थित आसेगांवदेवी गांव में खेतों में बाघ के पगमार्क मिलने से किसानों और खेत मजदूरों में भय का माहौल है, वहीं वर्धा जिले के समुद्रपुर तहसील में बाघ ने खेत में बंधी एक दुधारू गाय का शिकार कर लिया।

यवतमाल के आसेगांवदेवी गांव में मंगलवार को मंगेश नगराले और शुभम लुनावत के खेतों में बाघ के पगमार्क दिखाई दिए। इसके बाद सरपंच सचिन चव्हाण ने किसानों और ग्रामीणों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर विश्वास न करने तथा किसी भी सूचना की पुष्टि प्रशासन से करने का आग्रह किया।

वहीं वर्धा जिले के समुद्रपुर तहसील के जाम चौरास्ता परिसर में किसान विजय अवघडे की खेत में बंधी दुधारू गाय को बाघ ने अपना शिकार बना लिया। मंगलवार सुबह किसान खेत पहुंचे तो गाय मृत मिली। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा किया।

दोनों घटनाओं के बाद वन विभाग ने किसानों से खेतों में अकेले नहीं जाने, समूह में काम करने और जंगल से सटे क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।


Created On :   5 Aug 2026 1:18 PM IST

Tags

Next Story