Yavatmal News: यवतमाल में बिजली तार और मोटर चोरी करने वाला गिरोह बेनकाब

यवतमाल में बिजली तार और मोटर चोरी करने वाला गिरोह बेनकाब
  • एलसीबी ने 10 मामलों का किया खुलासा
  • 14.73 लाख का माल और दो वाहन जब्त

Yavatmal News जिले के वणी और पांढरकवड़ा उपविभाग में कई दिनों से बिजली के खंभों से एल्युमिनियम तार, किसानों के खेतों से मोटरपंप और केबल वायर चोरी करने वाले गिरोह का एलसीबी (स्थानीय अपराध शाखा) ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में 10 चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए 14 लाख 73 हजार रुपये मूल्य का चोरी का माल और दो वाहन जब्त किए हैं। गिरोह में एक नाबालिग सहित चार लोगों की संलिप्तता सामने आई है।

एलसीबी ने वणी के रंगनाथ नगर में छापेमारी कर शेख समीर शेख अमीर (26), सैयद अली सैयद गुलाब (35) और एक नाबालिग को हिरासत में लिया। पूछताछ में तीनों ने चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी अपने साथी व वाहन चालक दीपक के साथ मिलकर वाहन क्रमांक एमएच-34-बीजे-6522 का उपयोग कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।

कई थाना क्षेत्रों में देते थे वारदात को अंजाम : पुलिस के अनुसार गिरोह पांढरकवड़ा, रालेगांव, पाटण, मारेगांव, मुकुटबन और पारवा थाना क्षेत्रों में बिजली के खंभों से एल्युमिनियम तार काटकर ले जाता था। इसके अलावा किसानों के खेतों से सबमर्सिबल मोटर और केबल वायर भी चोरी किए जाते थे। आरोपी केबल जलाकर उसमें से तांबा निकालते थे और एल्युमिनियम तार कबाड़ी को बेच देते थे।

कबाड़ी भी गिरफ्तार : जांच के दौरान पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले वणी के शास्त्री नगर निवासी कबाड़ी व्यापारी निसारुद्दीन खान जलालुद्दीन खान (52) को घोन्सा टी-प्वाइंट से गिरफ्तार किया। उसके वाहन (एमएच-29-बीई-8442) की तलाशी में 1110 किलोग्राम चोरी की एल्युमिनियम तार बरामद हुई। वहीं मुख्य आरोपी शेख समीर के घर के पास से चोरी की सबमर्सिबल मोटर और जलाई गई केबल से निकाला गया तांबे का तार भी जब्त किया गया।

एलसीबी की कार्रवाई से 10 मामलों का खुलासा : इस कार्रवाई के बाद पांढरकवड़ा, रालेगांव, पाटण, मारेगांव, मुकुटबन और पारवा थाना क्षेत्रों में दर्ज कुल 10 चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने कुल 14.73 लाख रुपये मूल्य का चोरी का माल बरामद किया है।

यह कार्रवाई एलसीबी के पुलिस निरीक्षक सतीश चवरे के नेतृत्व में एपीआई दत्ता पेंडकर, पीएसआई धनराज हाके तथा सुनील खंडागले, सुधीर पांडे, सुधीर पिदुरकर, रजनीकांत मडावी, सलमान शेख, सतीश फुके सहित अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने की।


Created On :   15 July 2026 2:53 PM IST

Tags

Next Story