- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- वर्धा
- /
- 75 विद्यार्थियों का भार एक शिक्षक...
Wardha News: 75 विद्यार्थियों का भार एक शिक्षक पर, संतप्त ग्रामीणों ने स्कूल पर जड़ा ताला

Wardha News स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति की मांग को लेकर सोमवार 13 जुलाई की सुबह से दोपहर 12 बजे तक सोनेगांव बाई स्थित जिप माध्यमिक विद्यालय पर ताला लगाकर विद्यार्थियों, अभिभावकों और ग्रामीणों ने धरना आंदोलन किया। आंदोलन का नेतृत्व नगराध्यक्ष किरण ठाकरे ने किया। सोनेगांव बाई के इस विद्यालय में कक्षा पहली से सातवीं तक लगभग 75 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। लेकिन इतने विद्यार्थियों के लिए केवल दो शिक्षक कार्यरत हैं। इनमें से एक शिक्षक की नियुक्ति मतदाता पुनरीक्षण अभियान में बीएलओ के रूप में कर दी गई है। इस कारण एक ही शिक्षक पर 75 विद्यार्थियों की पढ़ाई का पूरा भार आ जाने से विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित हो रही हैै। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का मूलभूत अधिकार मिले तथा विद्यालय में तत्काल चार स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति की जाए, इन मांगों को लेकर ग्रामीणों ने विद्यालय के सामने धरना शुरू किया।
आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। अंततः प्रशासन ने नरम रुख अपनाते हुए विस्तार अधिकारी पारडे सर को चर्चा के लिए भेजा। विद्यार्थियों और अभिभावकों के आक्रोश को देखते हुए उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर अगले आठ दिनों के भीतर विद्यालय में चार शिक्षक उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। साथ ही बताया कि दो शिक्षक अगले ही दिन विद्यालय में कार्यभार ग्रहण करेंगे तथा शेष एक शिक्षक अगले आठ दिनों के भीतर नियुक्त कर दिया जाएगा।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति की आयशा वाघमारे, नीरज कोंबे, नितीन फुके, दुर्योधन वैद्य, वैशाली काचोळे, अरुणा शेंद्रे, प्रियंका आडकिने, संदीप बेंडे, नारायण राऊत, शरद कांबले, मोरेश्वर वानखेडे, सुभाष व्यवहारे, भूपेंद्र होरे, संतोष भोयर, विपुल राघाटाटे, प्रवीण कात्रे, प्रवीण खाडे, भरत फटिंग सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित थे।इस दौरान पुलिस उपनिरीक्षक जाधव के नेतृत्व में विद्यालय परिसर में कड़ा पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया।
Created On :   14 July 2026 3:30 PM IST














