Wardha News: रकम दोगुनी करने का झांसा, 15 निवेशकों से 1.42 करोड़ की ठगी

रकम दोगुनी करने का झांसा, 15 निवेशकों से 1.42 करोड़ की ठगी
  • पतसंस्था के अध्यक्ष पर धोखाधड़ी व एमपीआईडी एक्ट के तहत मामला दर्ज
  • बैंक खातों और दस्तावेजों की जांच शुरू

Wardha News शहर के दयालनगर स्थित समता नगर की मर्चेंट नागरिक सहकारी पतसंस्था मर्यादित में अधिक ब्याज और कम समय में रकम दोगुनी करने का लालच देकर 15 निवेशकों से 1 करोड़ 42 लाख 90 हजार 975 रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। वर्धा शहर पुलिस ने संस्था के अध्यक्ष भीमराव उर्फ भीमा राजेंद्र शंभरकर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात समेत विभिन्न धाराओं तथा महाराष्ट्र निवेशक हित संरक्षण (एमपीआईडी) अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक गजानन गजरे कर रहे हैं। जांच के दौरान संस्था के बैंक खातों, वित्तीय लेनदेन, निवेशकों की सूची और अन्य दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि निवेशकों की रकम का उपयोग कहां किया गया और इस कथित धोखाधड़ी में अन्य लोगों की भूमिका तो नहीं है।

प्लॉट सौदे से हुआ परिचय, भरोसा दिलाकर कराया निवेश : पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, समता नगर निवासी दिवेश काशीनाथ थुल (49) का आरोपी से वर्ष 2025 में प्लॉट की खरीदी-बिक्री के दौरान परिचय हुआ था। आरोपी ने स्वयं को पतसंस्था का अध्यक्ष बताते हुए संस्था में निवेश करने पर अन्य संस्थाओं की तुलना में अधिक ब्याज और पूरी सुरक्षा का भरोसा दिलाया।

इसी विश्वास में फरियादी ने 25 नवंबर 2025 को संयुक्त खाते के माध्यम से 4 लाख रुपये जमा किए। बाद में अलग-अलग समय पर उन्होंने और भी निवेश किया। शिकायत के अनुसार, 5 मई को उनके मोबाइल पर 28 लाख 15 हजार रुपये जमा होने का संदेश भी प्राप्त हुआ। लेकिन जब उन्होंने राशि वापस मांगी तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा और भुगतान नहीं किया।

15 निवेशकों की करोड़ों की राशि फंसी : फरियादी ने जब अन्य निवेशकों से संपर्क किया तो पता चला कि उनकी भी बड़ी रकम संस्था में फंसी हुई है। जांच में सामने आया कि 15 निवेशकों की कुल 1.42 करोड़ रुपये से अधिक की राशि संस्था में जमा है। इनमें कई लोगों ने 28 लाख, 15 लाख, 11.90 लाख, 10 लाख, 5.50 लाख, 4.66 लाख, 4.36 लाख, 4 लाख और 3.25 लाख रुपये सहित अन्य बड़ी रकम निवेश की थी। आरोप है कि परिपक्वता अवधि पूरी होने के बावजूद किसी भी निवेशक को भुगतान नहीं किया गया।

चार करोड़ से अधिक जमा राशि का रिकॉर्ड : शिकायत के अनुसार, संस्था के रिकॉर्ड में 31 मार्च 2026 तक ग्राहकों की कुल जमा राशि 4 करोड़ 2 लाख 66 हजार 956 रुपये दर्शाई गई है। इसके बावजूद निवेशकों को उनकी राशि वापस नहीं मिली। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान यदि और पीड़ित सामने आते हैं तो मामले का दायरा और बढ़ सकता है।


Created On :   10 July 2026 1:57 PM IST

Tags

Next Story