- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- वर्धा
- /
- घटिया सोयाबीन बीजों से वर्धा के...
Wardha News: घटिया सोयाबीन बीजों से वर्धा के किसानों पर दोबारा बुआई की नौबत

Wardha News "आसमान ने साथ दिया, लेकिन बीज ने धोखा दे दिया...' इन दिनों देवली तहसील के किसानों की जुबान पर यही दर्द सुनाई दे रहा है। घटिया गुणवत्ता वाले सोयाबीन बीजों के कारण तहसील में सैकड़ों एकड़ में बोई गई फसल अंकुरित ही नहीं हुई। इससे किसानों की मेहनत और खर्च दोनों पर पानी फिर गया। इस मामले में अब तक 100 से अधिक किसानों ने कृषि विभाग में शिकायत दर्ज कराई है। इससे अनेक किसानों पर दोबारा बुअाई की नौबत आन पड़ी है। पहले से आर्थिक तंगी झेल रहे किसानों में इससे भारी अाक्रोश है। इस खरीफ सीजन में किसानों ने बड़ी उम्मीदों के साथ बूस्टर कंपनी के "हुतुतू' और "खो-खो' तथा यशोदा सीड्स की "हनी बैजर' किस्म के सोयाबीन बीज खरीदकर बुअाई की थी। बारिश भी संतोषजनक हुई, लेकिन कई खेतों में बीज अंकुरित ही नहीं हुए, जिससे किसान परेशान है।
कई किसानों को अब तक नहीं मिले वैकल्पिक बीज : शिकायतों के बाद यशोदा सीड्स ने कुछ किसानों को वैकल्पिक बीज उपलब्ध कराए हैं, लेकिन अभी भी कई किसानों को बीज नहीं मिले हैं। वहीं किसानों का आरोप है कि बूस्टर कंपनी की ओर से अब तक किसी प्रकार की सहायता नहीं की गई है।
नियमानुसार जांच चल रही, वरिष्ठों को भेजी जाएगी रिपोर्ट : देवली तहसील में सोयाबीन बीजों की अंकुरण क्षमता को लेकर अब तक लगभग 100 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनमें से 6 और 7 जुलाई को तहसील शिकायत निवारण समिति ने 29 शिकायतों के संबंध में संबंधित खेतों का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में बूस्टर कंपनी के "खो-खो' और "हुतुतू' तथा यशोदा सीड्स की "हनी बैजर' किस्म के कुछ लॉट में अंकुरण नहीं होने की पुष्टि हुई है। सभी शिकायतों की नियमानुसार जांच कर आगे की कार्रवाई के लिए वरिष्ठ कार्यालय को भेजा जाएगा। -महेश पालवे, तह.गुणवत्ता नियंत्रण अधिकारी, देवली
Created On :   10 July 2026 3:33 PM IST














