Amravati News: अपर वर्धा बांध पर 35 करोड़ से बनेगा नया पुल

अपर वर्धा बांध पर 35 करोड़ से बनेगा नया पुल
बांध के गेट खुलने पर नदी का जलस्तर बढ़ जाता है और मौजूदा पुल डूब जाता है

Amravati News विदर्भ के प्रमुख अपर वर्धा बांध के समीप वर्धा नदी पर स्थित पुराने और जर्जर पुल के स्थान पर नया पुल बनाने के लिए केंद्र मार्ग निधि से लगभग 35 करोड़ रुपए की मंजूरी मिली है। जलसंपदा विभाग की अनुमति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। मोर्शी-सिंभोरा-आष्टी राज्य मार्ग पर स्थित यह पुल अमरावती और वर्धा जिलों के बीच महत्वपूर्ण संपर्क कड़ी है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों नागरिक, किसान, विद्यार्थी, व्यापारी व मालवाहक वाहन आवागमन करते हैं, जिससे इसका सामाजिक और आर्थिक महत्व काफी बढ़ जाता है।

कई दशक पहले निर्मित वर्तमान पुल की संरचनात्मक क्षमता कमजोर हो चुकी है। हर वर्ष मानसून में अपर वर्धा बांध के गेट खुलने पर नदी का जलस्तर बढ़ जाता है और पुल पानी में डूब जाता है। इसके कारण दोनों जिलों के बीच यातायात पूरी तरह बंद करना पड़ता है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

नई परियोजना से : मिलेगी स्थायी राहत : लोक निर्माण विभाग ने नए पुल का तकनीकी डिजाइन और प्रारूप तैयार कर लिया है। पुल बनने के बाद वर्षभर सुरक्षित, निर्बाध और तेज यातायात उपलब्ध होगा। साथ ही अपर वर्धा बांध पर्यटन को भी नई गति मिलेगी व अमरावती और वर्धा जिले के नागरिकों की वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान होगा।

पर्यटन और सुरक्षा व्यवस्था पर भी असर : बांध के गेट खुलने के दौरान देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं। इससे यातायात दबाव बढ़ जाता है और प्रशासन को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम करने पड़ते हैं। पुल बंद होने का असर किसानों, विद्यार्थियों, मरीजों और आपातकालीन सेवाओं पर भी पड़ता है।


Created On :   11 July 2026 3:57 PM IST

Tags

Next Story