- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- अशैक्षणिक कार्य के विरोध में...
Amravati News: अशैक्षणिक कार्य के विरोध में अमरावती जिले के शिक्षकों ने किया प्रदर्शन

Amravati News राज्यव्यापी स्कूल बंद आंदोलन का गुरुवार को अमरावती जिले में व्यापक असर देखने को मिला। प्राथमिक शिक्षकों की विभिन्न मांगों को लेकर 1,200 से अधिक महिला-पुरुष शिक्षक इर्विन चौक से मोर्चा निकालकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। आंदोलन के समर्थन में जिले के करीब 5,500 शिक्षकों ने काम का बहिष्कार किया, जिससे मनपा और जिला परिषद की 1,558 प्राथमिक स्कूलों में ताले लटके दिखाई दिए।
अन्याय मंजूर नहीं : आंदोलनकारी शिक्षकों ने स्पष्ट कहा कि यदि आंदोलन में शामिल होने पर एक महीने का वेतन भी काट लिया जाए तो उन्हें इसकी परवाह नहीं है। उनका कहना था कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। शिक्षकों ने सरकार पर उनकी मांगों की लगातार अनदेखी करने का आरोप लगाया।
बीएलओ और अशैक्षणिक कार्यों पर जताई नाराजगी : आंदोलन का प्रमुख मुद्दा शिक्षकों पर बीएलओ सहित विभिन्न अशैक्षणिक कार्यों का बढ़ता बोझ रहा। शिक्षकों का कहना है कि चुनाव, सर्वेक्षण और अन्य प्रशासनिक कार्यों में लगातार लगाए जाने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती है। उन्होंने मांग की कि शिक्षकों को केवल शिक्षण कार्य तक ही सीमित रखा जाए।
टीईटी नियमों में राहत की मांग : शिक्षकों ने कार्यरत वरिष्ठ शिक्षकों के लिए टीईटी परीक्षा अनिवार्य किए जाने का भी विरोध किया। उनका कहना है कि वर्ष 2010 से पहले नियुक्त शिक्षकों को अन्य राज्यों की तर्ज पर राहत दी जाए अथवा उनके लिए अलग समकक्ष पात्रता परीक्षा आयोजित की जाए।
पदोन्नति प्रक्रिया और शिक्षक भर्ती पर उठाए सवाल : संयुक्त शिक्षक संगठनों ने विस्तार अधिकारी, केंद्र प्रमुख और मुख्याध्यापक पदोन्नति प्रक्रिया तत्काल रोकने तथा इससे संबंधित 14 मई 2026 के शासनादेश को रद्द करने की मांग की। साथ ही संचमान्यता नीति में सुधार, रिक्त पदों पर भर्ती और विद्यालयों में पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी : शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो राज्यभर में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। विभिन्न शिक्षक संगठनों की व्यापक भागीदारी से आंदोलन को विशेष मजबूती मिली।
Created On :   10 July 2026 12:02 PM IST















