- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- मोबाइल हैक कर मूर्तिकार के खाते से...
Amravati News: मोबाइल हैक कर मूर्तिकार के खाते से 6.70 लाख रुपए पार

Amravati News साइबर ठगी के एक मामले में चांदूर बाजार पुलिस की कार्रवाई से एक मूर्तिकार के 15 लाख रुपये डूबने से बच गए। साइबर ठगों ने मोबाइल हैक कर उनके बैंक खाते से 6 लाख 70 हजार 532 रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए थे।
शिकायत मिलते ही थानेदार आधारसिंह सोनोने ने तत्काल बैंक और साइबर सेल से संपर्क कर न केवल खाते में बची 9 लाख 1 हजार 772 रुपये की राशि सुरक्षित कराई, बल्कि जिस खाते में 6.70 लाख की रकम ट्रांसफर की गई थी, उसे भी होल्ड करवा दिया। इससे शिकायकर्ता को पूरी रकम वापस मिलने का रास्ता साफ हो गया है।जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता सूरज अशोकराव रोतड़े (30, शिवनेरी नगर, शिरजगांव बंड) पेशे से मूर्तिकार हैं। उनके सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के खाते में करीब 15 लाख रुपये जमा थे। 2 जुलाई की दोपहर अचानक उनका मोबाइल बंद हो गया।
यह भी पढ़े -समृद्धि पर अब हाईटेक निगरानी, रफ्तार पर शिकंजा कसने जल्द शुरू होगी स्वचालित ई-चालान की कार्रवाई
कुछ देर बाद मोबाइल चालू करने पर उन्हें खाते से 6.70 लाख ऑनलाइन ट्रांसफर होने का मैसेज मिला। उन्होंने तत्काल बैंक प्रबंधक से संपर्क किया, लेकिन उस दिन बैंक बंद होने के कारण कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। अगले दिन उन्होंने चांदूर बाजार पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
अदालत के जरिए वापस मिलेगी पूरी रकम : शिकायत समय पर मिलने के कारण पुलिस तुरंत कार्रवाई कर सकी। खाते में बची राशि के साथ-साथ ट्रांसफर की गई रकम भी होल्ड करा दी गई है। अब अदालत की प्रक्रिया पूरी कर शिकायतकर्ता को पूरी राशि वापस दिलाई जाएगी। नागरिकों से अपील की कि साइबर ठगी का संदेह होते ही बिना देर किए पुलिस और बैंक से संपर्क करें। -आधारसिंह सोनोने, थानेदार, चांदूर बाजार
Created On :   8 July 2026 12:52 PM IST













