- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- वर्धा
- /
- समृद्धि महामार्ग पर भीषण हादसा,...
Wardha News: समृद्धि महामार्ग पर भीषण हादसा, पीछे से ट्रक की टक्कर में 5 की मौत; 19 घायल
Wardha News समृद्धि महामार्ग के नागपुर कॉरिडोर पर चैनल नंबर 97+300 के पास शुक्रवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। दुर्गा प्रतिमा लेकर वर्धा जा रही बोलेरो पिकअप को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 लोग घायल हुए हैं। इनमें 13 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घटना मंगरूळ दस्तगीर पुलिस थाना क्षेत्र में शुक्रवार, 2 अक्टूबर की रात करीब 12:57 बजे हुई।
जानकारी के अनुसार, बोलेरो पिकअप क्रमांक MH 27 BH 5793 में चालक सागर ढोले के साथ दुर्गा देवी की प्रतिमा और लोहे का रथ ले जाया जा रहा था। रथ को वाहन से टोचन किया गया था और उसमें करीब 20 से 25 लोग सवार थे। यह वाहन कारंजा लाड से वर्धा की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक क्रमांक CG 07 CJ 8855 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बोलेरो पिकअप को पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे में दत्ता खुरसंगे (53), प्रवीण बकाने (50), घनश्याम पाटील (60), गोलू उर्फ सचिन बदलमवार (38) और ओम गावंडे (22) की मौत हो गई। सभी मृतक वर्धा के रामनगर स्थित सोमनाथ लेआउट के निवासी बताए गए हैं।
यह भी पढ़े -निर्माणाधीन पिलर पर चढ़ा युवक, एक घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित उतारा गया - मची रही अफरा-तफरी
गंभीर घायलों में सागर ढोले (25), राहुल मेहेकर, रोशन राऊत (26), नयन गोदाके (30), पवन ढोले, मुणेश्वर ढोले (53), अमित ठाकरे, सतीश कुडे (35), नंदू शिरसकर, दिनेश पवनकर, यश मलकापूर (30), सतीश राऊत और नरेंद्र सोयाम (49) शामिल हैं। वहीं प्रणय ढोले (30), प्रतीक सीरसकर (21), अनुज अनिल आडे (23), दुर्गेश भिसे (30), आर्यन प्रभाकर वैद्य (19) और शुभम ढोबाले (30) को मामूली चोटें आई हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही सपोनि अविनाश मेश्राम के साथ एसआई शरद माहुलकर, पोहवा कुंदन राठोड, पोका विशाल सूर्यवंशी तथा एमएसएफ जवान कुणाल सूर्यवंशी और लखन राठोड सहित पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस, आरटीओ और समृद्धि महामार्ग की एंबुलेंस की मदद से गंभीर घायलों को गोल्डन ऑवर में ग्रामीण अस्पताल, धामणगांव रेलवे पहुंचाया गया। मृतकों के शव भी अस्पताल की मोर्चरी में भेजे गए।
हादसे के बाद करीब 200 मीटर दूरी तक कोन और बैरिकेडिंग कर यातायात को नियंत्रित किया गया। दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को क्रेन की मदद से सर्विस लेन पर हटाने के बाद यातायात सुचारु कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, ट्रक चालक वाहन को कुछ दूरी पर खड़ा कर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Created On :   2 Oct 2026 12:15 PM IST














