दर्दनाक: ट्रैक्टर की दुपहिया से भिड़ंत, 58 वर्षीय व्यक्ति की मौत, शेंदूरशनी के पास हुआ हादसा

ट्रैक्टर की दुपहिया से भिड़ंत, 58 वर्षीय व्यक्ति की मौत, शेंदूरशनी के पास हुआ हादसा
  • सिर और चेहरे पर गंभीर चोट लगने से गई जान
  • शोकाकुल माहौल में शेंदूरशनी में किया गया अंतिम संस्कार
  • दुकान बंद कर घर लौट रहे थे कल्याण वानखडे पाटिल

Arni News. तहसील के शेंदूरशनी गांव निवासी कल्याण अंबादास वानखडे पाटिल की ट्रैक्टर और दुपहिया की भिड़ंत में मौत हो गई। हादसा रविवार रात करीब साढ़े आठ से पौने नौ बजे के बीच शेंदूरशनी गांव के पास मोहे के पेड़ के निकट हुआ। दुर्घटना में कल्याण के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं तथा अत्यधिक रक्तस्राव होने से उनकी मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कल्याण अंबादास वानखडे पाटिल ने करीब दो माह पहले लोणबेहळ में कृषि केंद्र शुरू किया था। वह प्रतिदिन अपने पुत्र विक्रम के साथ प्रतिष्ठान पर काम करते थे। रविवार रात दुकान बंद करने के बाद दोनों अलग-अलग दुपहिया वाहनों से शेंदूरशनी स्थित अपने घर के लिए निकले। विक्रम अपनी शाइन दुपहिया से आगे निकल गया। इसके करीब दो मिनट बाद कल्याण वानखडे पाटिल अपनी सीडी डॉन दुपहिया क्रमांक एमएच 29 बीयू 0722 से घर के लिए रवाना हुए।

शेंदूरशनी की ओर से आ रहे सोनालिका कंपनी के नीले रंग के ट्रैक्टर ने मोहे के पेड़ के पास सामने से आ रही कल्याण की दुपहिया को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कल्याण सड़क पर गिर गए और उनके सिर तथा चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने उन्हें उठाकर लोणबेहळ स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से एंबुलेंस के जरिए उन्हें आर्णी ग्रामीण अस्पताल लाया गया। जांच के बाद चिकित्सकीय अधिकारियों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजन ने दर्ज कराई ट्रैक्टर चालक के खिलाफ शिकायत

हादसे के बाद मृतक के परिजन परीक्षित वानखडे ने आर्णी पुलिस थाने में ट्रैक्टर चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। थानेदार संजय खंडारे के मार्गदर्शन में पुलिस अधिकारी और जमादार योगेश संकूलवार सहित पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल का पंचनामा कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

परिवार में पत्नी, पुत्र-पुत्री समेत छह भाई

कल्याण वानखडे पाटिल अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र, एक पुत्री तथा छह भाइयों सहित भरापूरा परिवार छोड़ गए हैं। अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

शोकाकुल माहौल में अंतिम संस्कार

सोमवार दोपहर शवविच्छेदन के बाद कल्याण वानखडे पाटिल का शव शेंदूरशनी ले जाया गया। उनकी मौत की खबर से पूरे गांव में मातम छा गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों, रिश्तेदारों और परिजनों की मौजूदगी में शोकाकुल माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

Created On :   9 Aug 2026 7:17 PM IST

Tags

Next Story