बंधाया ढांढस: लोनी में पालकमंत्री ने हादसे में मृत तीनों महिलाओं के परिजनों को दी 12 लाख रुपए की सहायता

लोनी में पालकमंत्री ने हादसे में मृत तीनों महिलाओं के परिजनों को दी 12 लाख रुपए की सहायता
  • पालकमंत्री संजय राठौड़ ने परिवार को हरसंभव मदद और उचित रोजगार दिलाने का दिया भरोसा
  • 30 जुलाई को बाढ़ में बह गई थी कार
  • अविनाश खंडारे की पत्नी और दो बेटियों की हुई थी मौत

Arni News. य‌वतमाल के आर्णी में 30 जुलाई को भारी बारिश के कारण कुपटी नदी में आई बाढ़ से हादसा हुआ था। पानी की चपेट में आने से कार बह जाने की घटना में पत्नी और दो बेटियों को खोने वाले अविनाश खंडारे से जिले के पालकमंत्री संजय राठौड़ ने 8 अगस्त की रात उनके गांव लोनी पहुंचकर मुलाकात की। पालकमंत्री ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी और सरकार की ओर से आपदा राहत निधि के तहत 12 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा।

लोनी निवासी अविनाश खंडारे 30 जुलाई को रालेगांव गए थे। अपनी कार क्रमांक एमएच 29 सीबी 6408 से वापस लौटते समय दारव्हा तालुका के दहेली में कुपटी नदी में आई बाढ़ में उनकी कार बह गई थी। हादसे में उनकी पत्नी माधवी खंडारे तथा बेटियां सांची (16) और प्राची (11) की मौत हो गई। अविनाश किसी तरह कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे थे।

हादसे के बाद 8 अगस्त को रात करीब 9 बजे पालकमंत्री संजय राठौड़ अधिकारियों और शिवसेना पदाधिकारियों के साथ लोनी पहुंचे। उन्होंने अविनाश खंडारे से मुलाकात कर घटना पर दुख जताया और परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। पालकमंत्री ने कहा कि जो हुआ वह बेहद दुखद है और नियति के आगे किसी का वश नहीं चलता। उन्होंने कहा कि नियमानुसार अधिकतम सरकारी सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा और अविनाश को उचित रोजगार उपलब्ध कराने की भी कोशिश की जाएगी।

सरकार की ओर से आपदा राहत निधि के तहत मृत तीनों के लिए कुल 12 लाख रुपये, यानी प्रत्येक मृतक के लिए 4 लाख रुपये का चेक अविनाश खंडारे को सौंपा गया।

इस अवसर पर आर्णी तहसीलदार वैशाख वाहुरवाघ, गटविकास अधिकारी रमेश खरोड़े, तालुका कृषि अधिकारी आनंद बदखल, थानेदार संजय खंडारे, दारव्हा तहसीलदार राजेश पउल, यवतमाल जिला शिवसेना प्रमुख राजूदास जाधव, डॉ. विष्णु उकंडे, तालुका प्रमुख राजेंद्र जाधव, आर्णी नगर परिषद के उपनगराध्यक्ष निलेश गावंडे, शिवसेना नेता जाकिर सोलंकी, जिला बैंक अध्यक्ष मनीष पाटिल, जीवन पाटिल, सरपंच प्रिया वारंगे, उपसरपंच अमोल वारंगे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन उपस्थित थे।

तीनों को दी श्रद्धांजलि

इस दौरान अविनाश खंडारे ने अपनी पत्नी माधवी और दोनों बेटियों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस भावुक अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौजूद रहे।

Created On :   9 Aug 2026 6:45 PM IST

Tags

Next Story