Captain Shreyas Iyer: जिम्बाब्वे से सीरीज जीतने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने खिलाड़ियों की तारीफ की, युवा बल्लेबाज निडर खेल रहे

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। टीम इंडिया ने तीसरे टी20 मैच में जिम्बाब्वे को 35 रन से हरा दिया। इसके साथ ही भारत ने सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। हरारे स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड पर भारत के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग चुनी। टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 192 रन बनाए। जबाव में जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 157 रन ही बना सकी। सीरीज पर कब्जा जमाने के बाद श्रेयस अय्यर ने खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की।
श्रेयस अय्यर ने जीत के बाद क्या कहा?
सीरीज जीत के बाद श्रेयस अय्यर ने कहा, 'हमने देखा कि खिलाड़ी कितने निडर हैं, ये युवा खिलाड़ियों का एक ग्रुप हैं जो मैदान पर जबरदस्त ऊर्जा और इरादा दिखा रहे हैं, खासकर जब आप लगातार दो गेम खेलते हैं। एक कप्तान और एक टीम के तौर पर मुझे ऐसी ऊर्जा की जरूरत होती है। वे आज भी लगातार दो गेम में ऐसा ही कर सकते हैं। हां, जिम्बाब्वे में सीरीज जीतना मेरे लिए एक खास एहसास है। यह एक खास पल होने वाला है।'
उन्होंने कहा, 'खिलाड़ियों में खास टैलेंट हैं और आप उनसे जितना अच्छा निकलवा सकते हैं, वह टीम के लिए भी फायदेमंद है। हर बार जब मैं मैदान पर कदम रखता हूं तो यह पक्का करता हूं कि वे सहज कैसे हों? क्योंकि तभी आप उनसे उनका बेस्ट निकलवा सकते हैं।'
भारतीय टीम प्लेइंग-11
अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, सूर्यांश शेडगे, रवि बिश्नोई, अशोक शर्मा, मयंक यादव और यश ठाकुर।
Created On :   27 July 2026 12:41 AM IST












